फौजी बेटे का शव देखकर मां बेहोश:पिता जमीन पर गिर पड़े; चिल्लाकर बोले- उसे वापस ले आओ

Spread the love

जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए जवान मोनू का पार्थिव शरीर शनिवार को अलीगढ़ लाया गया। तिरंगे में लिपटा शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां, पिता और भाई शव से लिपटकर रोने लगे। पिता बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े, लोगों ने पानी पिलाकर संभाला। होश में आने पर पिता बार-बार बेटे को पुकारते रहे। कहते रहे- मेरे बेटे को वापस ले आओ, उसका चेहरा दिखाओ, वह मुझे अकेला छोड़कर नहीं जा सकता। यह देख मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए घर के बाहर लंबी भीड़ जुट गई। लोग ‘मोनू अमर रहे’ के नारे लगा रहे हैं। कुछ देर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में 10 जवान शहीद हुए, जबकि 11 को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया। शहीद जवानों में मोनू (28) भी शामिल थे। चार तस्वीरें देखिए- 7 साल से सेना में कर रहे थे नौकरी मोनू दाऊपुर गांव के रहने वाले थे। उनके दो और भाई सोनू और प्रशांत हैं। मोनू और प्रशांत एक साथ 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। मोनू 5 जनवरी को छुट्टियां मनाकर घर से ड्यूटी पर गए थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। हादसे से एक दिन पहले यानी बुधवार रात 11 बजे पत्नी नेहा से बात हुई थी। वही उनकी आखिरी कॉल थी। गुरुवार को ड्यूटी के दौरान सेना की गाड़ी में बैठकर जा रहे थे। अचानक रास्ते में गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में वे शहीद हो गए। गुरुवार देर शाम परिजनों को सूचना मिली। शनिवार दोपहर उनका शव दाऊपुर गांव पहुंचा। तिरंगे में लिपटे बेटे के शव को देखकर मां, भाई और पिता फूट-फूटकर रोने लगे। भाई ने कहा- मोनू ने फोन पर जल्दी घर आने का वादा किया था। उसे तो अभी बहुत काम करना था। मुझे नहीं पता था कि ये हमारी आखिरी बात हो रही है। मेरा भाई मुझे छोड़कर नहीं जा सकता। —————– ये खबर भी पढ़ें… सहारनपुर में डायमंड शोरूम में 2 करोड़ की चोरी:दीवार में एक फीट का छेद किया, दरवाजा तोड़ा; सहारनपुर में एक डायमंड शोरूम में बड़ी चोरी हुई। चोरों ने गुरुवार देर रात टाटा कंपनी की जानी-मानी डायमंड फ्रेंचाइजी ‘कैरट लेन’ को निशाना बनाया। 2 लाख कैश और करोड़ों रुपए के गहने चुराकर भाग गए। शुक्रवार सुबह जब स्टाफ शोरूम खोलने पहुंचा तो दीवार टूटी मिली। पढ़ें पूरी खबर…