हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) करवाई जानी है। इसके लिए इस बार प्रदेशभर के 2 लाख 33 हजार से अधिक अभ्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों काे गृह जिले में ही सेंटर मिलेंगे। परीक्षा को लेकर अलग अलग प्रकार की तैयारी चल रही है। हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत करते हुए कहा कि जल्द ही HTET परीक्षा की डेट तय कर दी जाएगी। अभ्यर्थी अपनी तैयारी रखें। सेंटर भी गृह जिले में बनाए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा के दौरान थर्मल बायोमैट्रिक और एआई कैमरे का प्रयोग किया जाएगा। पिछले HTET से सबक लेकर इस बार पीएसयू से सेवाएं ली गई हैं। लेवल-2 के लिए 1.19 लाख आवेदन
हरियाणा में HTET के लिए कुल 2 लाख 33 हजार 251 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया है। जिनमें से लेवल-1 (पीआरटी) के 41054, लेवल-2 (टीजीटी) के 119120 तथा लेवल-3 (पीजीटी) के 73077 अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं आवेदन करने वालों में हिसार जिले के अभ्यर्थी सबसे ज्यादा हैं। जबकि सबसे कम आवेदन नूंह जिले के अभ्यर्थियों ने किए हैं। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार से बातचीत
रिपोर्टर : HTET परीक्षा को लेकर बोर्ड द्वारा क्या तैयारी की गई है?
डॉ. पवन कुमार : जैसा की हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की अपनी कार्यशैली रही है। परीक्षा को लेकर बड़ी गंभीरता से हर फैसला लिया गया है। पीएसयू (पब्लिक सेक्टर यूनिट) के द्वारा परीक्षा के सभी प्रकार के प्रबंध किए गए हैं।
इसमें चाहे आवेदन फॉर्म लेना हो, सीसीटीवी कैमरा, बायोमैट्रिक्स, फ्रिस्किंग या फिर जैमर की बात हो, सभी सेवाएं पीएसयू द्वारा दी जाएगी। इसमें किसी प्रकार की गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। रिपोर्टर : पिछली बार की दिक्कतों के मद्देनजर अबकी बार क्या सुधार किए जाएंगे?
डॉ. पवन कुमार : पहले सबसे बड़ी दिक्कत सर्विस देने वाली एजेंसी थी, जो टेंडर के जरिए इनसे सर्विस ली थी। चाहे सीसीटीवी कैमरा है, फ्रिस्किंग है, बायोमैट्रिक्स है या फिर जैमर सेवाएं, इनमें काफी अनियमितताएं देखने को मिली है।
उन्होंने बताया कि एक सर्विस देने वाली एक एजेंसी का संदेश आया था कि पेमेंट किया जाए, अन्यथा आगे की कार्रवाई करेंगे। हम उस एजेंसी को ही ब्लैकलिस्ट करने जा रहे हैं। क्योंकि उसकी सर्विस बहुत खराब थी। यदि 70 प्रतिशत से ऊपर किसी की सर्विस खराब होती है तो उसे ब्लैक लिस्ट किया जाता है। उसकी पेमेंट के बारे में भी उसी अनुसार फैसला लिया जाता है। लेकिन इस बार HTET में कुछ ऐसा कंप्रोमाइज (समझौता) कहीं नहीं किया जाएगा। इसलिए पीएसयू को पूरा जिम्मा दिया गया है। कहीं भी ढील देखने को नहीं मिलेगी। रिपोर्टर : एआई या तकनीक का प्रयोग किया जाएगा?
डॉ. पवन कुमार : एआई का प्रयोग किया जाएगा। जैसे बायोमैट्रिक में हम इंफ्ररेड अर्थात थर्मल बायोमैट्रिक का प्रयोग करेंगे। उसी प्रकार से कैमरा भी इंफ्रा रेड यानी एआई कैमरा उसमें प्रयोग किए जाएंगे। रिपोर्टर : कितने अभ्यार्थियों ने आवेदन किया है और परीक्षा कब होगी?
डॉ. पवन कुमार : लगभग 2 लाख 33 हजार अभ्यार्थियों ने पंजीकरण किया है। परीक्षा तिथि का सवाल है तो जैसे ही निदेशालय से इसके बारे में सूचना मिलेगी, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। संभावित तिथि 17-18 जनवरी थी। आगे की तिथि जल्दी घोषित हो जाएगी। रिपोर्टर : एग्जाम को लेकर परीक्षा केंद्रों को चिह्नित करने को लेकर बोर्ड द्वारा क्या कदम उठाए गए हैं?
डॉ. पवन कुमार : परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार ही सेंटरों की संख्या निर्धारित होती है। गृह जिले में ही परीक्षा केंद्र होंगे। ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में जाने में या परीक्षा केंद्र को सर्च करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसके साथ-साथ परीक्षा केंद्र सिलेक्ट कर लिए गए हैं।
ऑब्जर्वर जहां लगाए जाएंगे, उनकी लिस्ट भी जिला प्रशासन से आ गई है। शिक्षा बोर्ड की तरफ से जो कर्मचारी और अधिकारी जहां-जहां ड्यूटी देंगे, वह भी फाइनल कर दिया गया है। रिपोर्टर: HTET के लिए आवेदन करने वाले अभ्यार्थियों को क्या कहेंगे?
डॉ. पवन कुमार : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड हर वर्ष जिस प्रकार से HTET की परीक्षा आयोजित कर रहा है। इसमें आप यदि पीछे की परीक्षा में किसी कारणवश असफल रहे हैं, तो आपको कोशिश करें कि आपकी कमियों को दूर करें। पूरे उत्साह के साथ परीक्षा में बैठें।
आप पूरी तरह से सक्षम हैं, इसलिए परीक्षा में 60 प्रतिशत जो मार्क्स लेने होते हैं, वह आपके लिए ज्यादा मुश्किल नहीं हैं। उत्साह और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में बैठें। जानें किस लेवल के किस जिले में कितने कैंडिडेट्स ने किया HTET के लिए आवेदन…
हरियाणा में HTET के लिए 2.33 लाख आवेदन:बोर्ड चेयरमैन बोले- गृह जिले में बनेंगे सेंटर; थर्मल बायोमैट्रिक होगी, AI कैमरे लगेंगे
