जबलपुर में गले लगाया…फिर चाकू घोंपकर मार डाला:घर के बाहर गाली-गलौज से रोक रहा था; हमले से नाराज साथियों ने आरोपी के घर तोड़-फोड़ की

Spread the love

जबलपुर में मंगलवार सुबह एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना रांझी थाना क्षेत्र के इंदिरा आवास की है। सुबह करीब 10:30 बजे रितेश पटेल (25) पर दो युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रितेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी लड्डू बावरिया अपने साथ राजू सोनकर के साथ एक्टिवा से पहुंचा। रितेश के घर के सामने गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर रितेश घर से बाहर निकला। उसने आरोपी को गाली देने से मना किया तो आरोपी उसके पास पहुंचा। पहले उसे गले लगाया और फिर अचानक चाकू निकालकर उस पर वार करने लगा। हमले के बाद अपनी एक्टिवा छोड़कर दोनों मौके से भाग निकले। हालांकि पुलिस ने लड्डू को हिरासत में ले लिया है। वारदात के बाद गुस्साए मृतक के साथी आरोपी लड्डू बावरिया के घर पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने बावरिया के घर में रखी कार, बाइक, एक्टिवा और दरवाजों को ना सिर्फ तोड़ा बल्कि जमकर पथराव भी किया। तोड़फोड़ की दो तस्वीरें देखिए… पड़ोसियों ने की आरोपी को पकड़ने की कोशिश
रितेश की चीख सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। लोगों ने आरोपी का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। भागते समय आरोपी की एक्टिवा स्टार्ट नहीं हुई, जिसे वह मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की प्रत्यक्षदर्शी प्रियंका पटेल ने बताया कि आरोपी पीछे की गली से पैदल आया था और रितेश के घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। नींद से उठकर बाहर आए रितेश ने जब विरोध किया तो आरोपी ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रितेश मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। आरोपी को इलाके में पहले कभी नहीं देखा
परिजन और पड़ोसी रितेश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों का कहना है कि रितेश का किसी से कोई विवाद नहीं था। आरोपी को उन्होंने पहले कभी इलाके में नहीं देखा। एक्टिवा के आधार पर पहचान कर रही पुलिस
सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी उमेश गोलहनी ने बताया कि रितेश की हत्या करने वाले लड्डू बावरिया और राजू सोनकर के पीछे लगातार पुलिस लगी रही। पुलिस ने लड्डू बावरिया को हिरासत में लिया है जबकि राजू की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपी अवैध शराब का काम करते हैं
पुलिस के मुताबिक दोनों दोनों आरोपी अवैध शराब का काम करते थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के कई केस दर्ज हैं। माना जा रहा है कि इसी काम को लेकर दोनों के बीच रंजिश बढ़ी और नौबत हत्या तक पहुंच गई। ये खबर भी पढ़ें…
शादी से मना करने पर युवती की चाकू मारकर हत्या जबलपुर में एक युवक ने अपनी मंगेतर की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने युवती के गले और सीने पर तीन वार किए। युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी और युवती की ढाई माह पहले सगाई हुई थी। अचानक ही युवक ने दहेज में 5 लाख रुपए की मांग कर ली। पढ़ें पूरी खबर…