करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में रंभा नहर पुल के नजदीक एक व्यक्ति ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे छलांग लगाते हुए देख लिया। बिना समय गंवाए कुछ लोगों ने नहर में कूदकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। बाहर निकालने के बाद तुरंत सीपीआर दिया गया और शरीर से पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी हुई है। दो बार नहर में कूदा, दूसरी बार नहीं बच सका गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी टीम को पहले सूचना मिली थी कि किसी महिला ने नहर में छलांग लगाई है, जिसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि रंभा नहर पुल से एक व्यक्ति ने भी नहर में छलांग लगा दी है। बताया गया कि व्यक्ति पहले नहर में कूदा और कुछ देर बाद बाहर निकल आया, लेकिन इसके बाद वह दोबारा पुल पर गया और फिर से नहर में छलांग लगा दी। दूसरी बार कूदने के बाद वह बाहर निकलने के लिए हाथ-पैर मार रहा था। मौके पर पहुंचते ही गोताखोर ने लगाई छलांग प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी टीम उस समय घटना स्थल से केवल दो-तीन मिनट की दूरी पर थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम के सदस्य अनिल ने बिना देरी किए नहर में छलांग लगाई और व्यक्ति को बाहर निकाला। बाहर निकालते ही सीपीआर देकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कपड़ों के आधार पर पहचान की कोशिश मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। गोताखोरों के अनुसार, व्यक्ति ने बिस्किट कलर की लंबी लाइन दार कमीज पहनी हुई थी। काले रंग की पेंट थी और अंदर इनर डाला हुआ था। रंभा के सरपंच और मेंबर से संपर्क किया गया। गांव के कुछ लोगों को भी पहचान के लिए बुलाया गया, लेकिन अब तक कोई पहचान नहीं हो सकी। पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि नहर में छलांग लगाने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
करनाल में नहर में व्यक्ति ने लगाई छलांग:एक बार बचा तो दूसरी बार कूदा, सीपीआर देने के बावजूद नहीं बची जान
