हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला के नांगल चौधरी में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 148-बी पर नांगल नुनिया के समीप दो स्कूली बसों की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में यदुवंशी स्कूल के चार बच्चों काे चोट आई हैं। हादसा सुबह छाए कोहरे की वजह से हुआ बताया जा रहा है। सभी घायल बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को सुबह यदुवंशी स्कूल थनवास और बालाजी स्कूल भुंगारका की स्कूली बस बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। सुबह क्षेत्र में धुंध छाई हुई थी। जिसके कारण दोनों बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर होते ही बच्चों की चीख पुकार मच गई तथा मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। निजी अस्पताल पहुंचाया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायल बच्चों को तत्काल नांगल चौधरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और सभी घायल बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। नहीं है कोई गंभीर इस हादसे में यदुवंशी स्कूल थनवास के चार बच्चे घायल हुए हैं। उन्हें भी इलाज के लिए नांगल चौधरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है और किसी भी बच्चे की स्थिति गंभीर नहीं है। यातायात रहा बाधित हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे 148-बी पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों बसें सड़क के बीचों-बीच क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस कर रही जांच प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कोहरा व तेज गति या लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों बस चालकों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही बसों के कागजात और फिटनेस की भी जांच की जा रही है। अस्पताल में लगी अभिभावकों की भीड़ हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अपने बच्चों को घायल अवस्था में देखकर कई अभिभावकों की आंखें नम हो गईं। हालांकि डॉक्टरों द्वारा बच्चों की स्थिति सामान्य बताए जाने के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
नारनौल में 2 स्कूल बसों की टक्कर, 4 स्टूडेंट्स घायल:बच्चों की चीख पुकार मची; अस्पताल में पेरेंट्स की भीड़, आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त
