यमुनानगर की नहर में डूबने से व्यक्ति की मौत:तीन बच्चों का पिता, नहाने गया था; तीसरे दिन बहता मिला शव

Spread the love

यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में पश्चिम यमुना नहर में नहाने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। तीसरे दिन व्यक्ति का शव आज सुबह नहर में उतराता मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में भेज दिया गया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय सोहन लाल उर्फ सोनू पुत्र केशोराम निवासी खेड़ा मोहल्ला, रादौर के रूप में हुई है। वह पल्लेदारी का काम करता था और तीन बच्चों का पिता था। रादौर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पैर फिसलने से पानी में बहा मृतक के भतीजे पवन ने बताया कि उसका चाचा शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पश्चिम यमुना नहर में नहाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। नहर किनारे पहुंचने पर लोगों से पता चला कि सुबह एक व्यक्ति नहाते समय पैर फिसलने से नहर में बह गया था। इसके बाद परिजन लगातार नहर के आसपास उसकी तलाश करते रहे और पहरा देते रहे। आज सोमवार सुबह करीब छह बजे नहर किनारे बने मंदिर में रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि पानी में एक शव उतराता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। मामले की जांच कर रही पुलिस गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। शव की पहचान सोहन लाल उर्फ सोनू के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।