फरीदाबाद जिले में तिगांव क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी 20 वर्षीय युवक मोहित की रविवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कौराली और बदरोला चौक के पास उस समय हुआ, जब मोहित सुबह करीब 7:15 बजे अपनी मोटरसाइकिल से नौकरी के लिए घर से निकला था। नौकरी पर जाते समय हुआ हादसा मृतक के बड़े भाई अमित कुमार ने बताया कि मोहित एस्कॉर्ट कंपनी में ठेकेदारी के तहत काम करता था और रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी के लिए निकला था। जब वह कौराली और बदरोला चौक के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात बड़े वाहन ने उसे तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी घटना के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। आसपास से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोहित को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में छाया मातम परिजनों ने बताया कि मोहित अविवाहित था और परिवार में सबसे छोटा भाई था। उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि जिस अज्ञात वाहन ने मोहित को टक्कर मारी है, उसकी जल्द पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जाए और उसे सख्त सजा दिलाई जाए। पुलिस ने दर्ज किया मामला तिगांव थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि सुबह बदरोला चौक पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो 20 वर्षीय युवक मोहित गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
फरीदाबाद में एक्सीडेंट में युवक की मौत:कोहरे में वाहन ने टक्कर मारी; एस्कॉर्ट कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था
