नूंह में कुंडली–मानेसर–पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में कुल पांच भारी वाहन आपस में टकरा गए, जिससे एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। यह हादसा थाना मोहम्मदपुर अहीर क्षेत्र के अंतर्गत गांव सबरस और गुड के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर चल रहे दो ट्रेलरों ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिसके चलते पीछे से आ रहे एक कंटेनर और दो अन्य ट्रक उनसे टकरा गए। आग लगने से चालक और खलासी की मौत टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खनन सामग्री से लदा एक ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं दोनों ट्रेलरों में भीषण आग लग गई। आग तेजी से ट्रेलर के केबिन तक फैल गई, जहां मौजूद चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेज थी कि उन्हें बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। राहत कार्य में जुटी पुलिस और दमकल टीम हादसे में शामिल वाहनों में दो ट्रेलर, एक कंटेनर और दो अन्य ट्रक शामिल थे। आग लगने से स्थिति और भयावह हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, अचानक ब्रेक लगाने वाले दोनों ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कई किलोमीटर लंबा जाम, यात्रियों को परेशानी क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और हाइड्रा मशीनों की मदद ली जा रही है, लेकिन देर से व्यवस्था पहुंचने के कारण एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने उठाई राहत व्यवस्था पर सवाल स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के काफी देर बाद तक हाइड्रा और राहत संसाधन मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। वहीं टोल प्रबंधन की ओर से भी यातायात सुचारु करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। पुलिस जांच जारी, सतर्कता बरतने की अपील पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के संभावित कारणों में अचानक ब्रेक लगाना, ओवरलोडिंग और लेन अनुशासन की कमी मानी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर सतर्कता बरतने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।
नूहं में केएमपी पर जिंदा जले ड्राइवर-कंडक्टर:ट्रेलर के ब्रेक लगाने से हादसा; पांच वाहन टकराए, बचने का नहीं मिला मौका
