हरियाणा में आज मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विभाग ने 7 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। खासकर उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है। हालांकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव और हवा बदलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली। अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों में बीते दिन के मुकाबले हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 17 जनवरी को राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री तक का इजाफा दर्ज किया गया। इसके बावजूद सुबह-शाम ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में कोहरे की चेतावनी दी है। बाकी जिलों में मौसम साफ रह सकता है। वहीं हरियाणा में सोमवार से स्कूल फिर से ओपन हो रहे हैं। रात में ठंड बरकरार, नारनौल सबसे ठंडा हरियाणा में 17 जनवरी को न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई, लेकिन रात और सुबह के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह इलाका राज्य में सबसे ठंडा रहा। अन्य जिलों की बात करें तो करनाल में 4.9 डिग्री, रोहतक में 5.4 डिग्री और हिसार में 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अंबाला में रात का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और बढ़ोतरी संभव है, लेकिन सुबह के समय कोहरा और ठंड बनी रहेगी। दिन में हल्की गर्माहट दिन के तापमान में बीते दिन के मुकाबले अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक तापमान गुरुग्राम (केवीके) में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। फरीदाबाद में 21.5 डिग्री और रोहतक में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला और हिसार जैसे जिलों में दिन का तापमान 20 से 21 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है, जिससे ठंड का असर दिन में कुछ कम महसूस होगा, हालांकि सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी।
हरियाणा के 7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट:वेस्टर्न डिस्टरबेंस तापमान में हल्की बढ़ोतरी; कल से खुलेंगे स्कूल, नारनौल ठंडा रहा
