झज्जर जिले की बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यूपी के कानपुर बेस एक बदमाश ने उन्हें कॉल कर करीब 10 मिनट तक भद्दी गालियां दी और बम से उड़ाने की धमकी भी दी। विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि वे इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। आज प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे। विधायक कुलदीप वत्स के अनुसार, यह घटना तीन दिन पहले की है। उस समय वे अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूपी के कानपुर का बड़ा बदमाश बताते हुए उनसे बातचीत शुरू की और गालियां देने लगा। फोन पर आरोपी ने उन्हें धमकी दी और अपना नाम रामचंद्र यादव बताया। पहले भी कई नेताओं को मिल चुकी धमकियां विधायक ने बताया कि यही व्यक्ति इससे पहले और भी नेताओं को धमकी दे चुका है। विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा सरकार में कानून नाम की व्यवस्था नहीं है खुले आम बदमाशों की धमकियां मिल रही हैं। धमकियों से डरता नहीं- विधायक कुलदीप वत्स ने साफ शब्दों में कहा कि मैं ऐसे बदमाशों की धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार और पुलिस की है। मामले की सच्चाई जनता और मीडिया के सामने रखने की बात कही।
बादली से कांग्रेस विधायक को बम से उड़ाने की धमकी:यूपी के बदमाश ने की कॉल; 10 मिनट तक देता रहा गालियां
