लद्दाख में 4 दिन पहले लापता हुए आगरा के चार दोस्तों की लोकेशन मिल गई है। चारों सुरक्षित हैं, और पुलिस के पास हैं। परिवार के लोग उन्हें लाने लद्दाख रवाना हुए हैं। उन्हें कल, बुधवार को वापस लाया जाएगा। लद्दाख पुलिस के अनुसार, चारों दोस्त 9 जनवरी की शाम लगभग 5:30 बजे कार से पैंगोंग झील से रवाना हुए थे। उसी दिन उन्होंने अपने परिजनों से बातचीत भी की थी। इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया। अगले दिन जब कोई बात नहीं हुई तो परिवार ने पुलिस में मिसिंग कम्प्लेन की। पुलिस ने चारों को सुरक्षित खोज निकाला। उनकी कार फिसलकर सड़क के किनारे 20 फीट गहरी खाई में चली गई थी। उन्होंने रात गाड़ी में गुजारी। फिर 20 किमी पैदल चलकर आबादी में पहुंचे। घटनास्थल की 4 तस्वीर देखिए… अब सिलसिलेवार पूरी कहानी पढ़िए आगरा के मधुनगर निवासी शिवम चौधरी अपने तीन दोस्त जयवीर चौधरी, यश मित्तल और सुधांशु फौजदार के साथ लद्दाख की ट्रिप पर गए थे। यह सभी आगरा से 6 जनवरी को कार से घूमने निकले। चारों लद्दाख भी पहुंच गए। वहां उन्होंने नया मोबाइल नंबर लिया। परिवार से बात की। अगले दो दिनों तक बात करते रहे। 9 जनवरी को सभी लेह के पेंगोंग झील पर थे। वहां से उन्होंने वीडियो कॉल से घर पर बात भी की। उसके बाद से उनका संपर्क टूट गया। घर वालों ने कई बार उसी नंबर पर कांटेक्ट किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। परेशान होकर घर वालों ने 11 जनवरी को सदर थाना में मिसिंग शिकायत दर्ज कराई। शिवम चौधरी के पिता दौलताराम चौधरी ने बताया- चारों में से किसी से संपर्क नहीं हो रहा है। इसीलिए पुलिस को जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह सभी आपस में दोस्त हैं। मनाली के लिए निकले, रास्ता भटके
लद्दाख पुलिस ने चारों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इसका एक वीडियो जारी किया है। पिछले तीन दिन चारों दोस्तों ने जद्दोजहद और संघर्ष के बीच गुजारा। पहले रास्ता भटके, फिर गाड़ी 20 फिट गहराई में चली गई। उसका डीजल खत्म हो गया तो 20 किलोमीटर पैदल चले। इसी बीच पुलिस उन तक पहुंच गई। अब जानिए 9 से 13 जनवरी के बीच क्या-क्या हुआ… 9 जनवरी: शाम 5 बजे चारों युवकों ने अपने परिजनों से बात की। इसके बाद ये लेह के लिए निकल गए। वहां पर खारू के पास इन्हें मनाली का बोर्ड दिखाता है। ये उस रास्ते पर चलने लगते हैं। 10 जनवरी: पंग में ही रुकते हैं। 11 जनवरी: मनाली के लिए निकलते हैं। वहां आगे रास्ता बंद होता है। ये लोग सरचू से आगे निकलकर फिर वापस लौटते हैं। वहां पर नाकीला के पास बर्फ से इनकी गाड़ी 20 फीट नीचे गिर जाती है। बस इनका नसीब अच्छा था कि गाड़ी पलटी नहीं। ये लोग बर्फ के अंदर गाड़ी का हीटर चलाकर बैठे रहते हैं। 12 जनवरी: को भी इस तरह हीटर के ही सहारे गुजरा। इसके बाद जब गाड़ी का डीजल खत्म हो जाता है तो ये लोग प्लान करते हैं। रास्ते में कुछ झोपड़ी थीं। वहां पैदल ही चलते हैं। 13 जनवरी: करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर व्हिस्की नाला के पास झोपड़ी में रुकते हैं। इस बीच लद्दाख पुलिस भी इनको तलाशते हुए वहां पर पहुंच जाती है। सभी को रेस्क्यू कर वापस लेह लाया गया। एसीपी बोले- लोकेशन मिल गई
आगरा के एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया- मामले में परिजनों को लेह-लद्दाख पुलिस से संपर्क करने को कहा गया था। वहां से जानकारी मिली है कि वहां पर चारों युवक मिल गए हैं। परिवार के लोग उन्हें लेने रवाना हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक लद्दाख में खराब मौसम की वजह कर सिग्नल नहीं मिलने से कांटेक्ट नहीं होने की बात सामने आई है। पूरे मामले की जांच हाे रही है। ———————— ये खबर भी पढ़ें… चंद्रशेखर पुलिसवालों से बोले- गोली मार दो, दलित बेटी बोली- मेरे भाई को जिंदा जलाया गया भीम आर्मी चीफ और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को मेरठ में सोनू कश्यप के परिवार से मिलने जा रहे थे। लेकिन मुजफ्फरनगर में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने बीच सड़क ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी और काफिले को आगे बढ़ने नहीं दिया। पूरी खबर पढ़ें
लद्दाख में 4 दिन लापता रहे आगरा के 4 दोस्त:रास्ता भटके, कार बर्फ में फिसलकर 20 फीट गहरी खाई में गिरी, 20km पैदल चले
