सोनीपत में ठगों को हथकड़ी लगाकर परेड कराई,VIDEO:QR कोड साउंड बॉक्स के बहाने 2.23 लाख की ठगे; दोनों झज्जर के हैं

Spread the love

सोनीपत जिले के थाना राई पुलिस ने सब्जी विक्रेता से QR कोड साउंड बॉक्स ठीक करने और बदलने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर सड़क पर परेड करवाई और बाद में न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। थाना राई क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता से QR कोड साउंड बॉक्स ठीक करने और बदलने के नाम पर 2 लाख 23 हजार 220 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया। आरोपियों ने चालाकी से पीड़ित के बैंक खाते से रकम निकाल ली। सब्जी विक्रेता को बनाया शिकार पीड़ित नंदलाल पुत्र सोनपाल, निवासी गांव रामबाग जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बढ़मलिक जिला सोनीपत, जठेड़ी रोड पर पुरानी गैस एजेंसी के पास सब्जी की रेहड़ी लगाता है। रेहड़ी पर लगे स्कैनर के खराब होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे ठग लिया। स्कूटी पर आए युवक, खुद को बताया तकनीशियन 4 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 6 बजे स्कूटी पर सवार दो युवक पीड़ित के पास पहुंचे। उन्होंने खुद को QR कोड और साउंड बॉक्स ठीक करने वाला तकनीशियन बताया और भरोसा जीत लिया। आरोपियों ने कंपनी को मैसेज भेजने का बहाना बनाकर पीड़ित का मोबाइल फोन और PhonePe साउंड बॉक्स अपने पास ले लिया। पीड़ित अनपढ़ होने के कारण अंग्रेजी मैसेज नहीं पढ़ सका और ठगी का शिकार हो गया। नेटवर्क बंद होने पर खुला राज घटना के बाद पीड़ित के मोबाइल में नेटवर्क आना बंद हो गया। मोबाइल शॉप पर जांच कराने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। अगले दिन नई सिम चालू होते ही खाते से बड़ी रकम निकलने के मैसेज मिले। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर खाते से 2,23,220 रुपए निकाले जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई शिकायत के आधार पर थाना राई में मामला दर्ज किया गया। उप निरीक्षक सतीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झज्जर जिले के गांव कानौदा निवासी योगेन्द्र और हरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश, पांच दिन का रिमांड दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान ठगी की रकम की बरामदगी और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।