सिरसा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर डबवाली और कालावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी सूचना भी मृतका के भाई ने पुलिस को दी थी। अभी पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के कालांवाली गांव की है और पुलिस जिला डबवाली लगता है। मृतका की पहचान कालांवाली निवासी 23 वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई है। उसकी एक बेटी भी है। कालांवाली पुलिस के अनुसार, महिला ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दी है। परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची महिला के पति ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। इसे लेकर ही पुलिस का शक बढ़ गया। बताया जाता है कि, कुछ दिनों से प्रियंका का अपने पति से मनमुटाव चल रहा था। पुलिस यह पता लगा रही है कि विवाहिता ने सुसाइड किया है या उसकी हत्या की गई है। अभी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सुबह अपनी भाभी से की थी फोन पर अंतिम बार बात पुलिस के अनुसार, गांव पन्नी वाला मोटा निवासी प्रियंका की शादी 2023 में कालांवाली गांव निवासी 24 वर्षीय मंगत राम के साथ हुई थी। प्रियंका की मायके में अपनी भाभी से शनिवार सुबह ही फोन पर अंतिम बार बात हुई थी। महिला अक्सर सुबह लेट उठती थी और उनके घर पर घरेलू कार्य को लेकर झगड़ा होता था। शनिवार को वह कमरे से बाहर नहीं आई तो दोपहर करीब 12 बजे ससुराल वालों ने उसके कमरे की ओर गए तो बाहर का गेट बंद था। कुंडी तोड़कर गेट खोला तो अंदर वह फंदे से झूलती मिली।मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए हैं।
सिरसा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:पंखे से लटका मिला शव, दोपहर तक नहीं खुला दरवाजा, परिजनों ने तोड़ी कुंडी
