रेवाड़ी जिले के जलियावास गांव में एक कंपनी कर्मी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है—“मैंने भाई से पांच हजार रुपए उधार लिए थे, उसे पांच हजार रुपए देकर उधारी चुका देना। मैं अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहा हूं, किसी को परेशान नहीं करना।” सूचना मिलने पर बावल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग शिफ्ट में करते थे ड्यूटी
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी सुजीत (24) के रूप में हुई है, जो अपने छोटे भाई जयकुमार के साथ बावल की एक कंपनी में कार्यरत था। दोनों भाई अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी करते थे—एक दिन की और दूसरा रात की। शनिवार को जब जयकुमार नाइट शिफ्ट पूरी कर कमरे पर लौटा, तो उसने देखा कि सुजीत का शव फंदे से लटका हुआ है। उसने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी। एक माह पहले हुई थी शादी
जयकुमार ने बताया कि करीब एक माह पहले ही सुजीत की शादी हुई थी। शादी के बाद वह गांव से ड्यूटी पर लौटा था, जबकि उसकी पत्नी अभी गांव में ही रहती है। शुक्रवार शाम को जयकुमार नाइट शिफ्ट पर गया था और सुजीत को सुबह की शिफ्ट में जाना था। सुबह जब वह कमरे पर लौटा, तो यह दर्दनाक दृश्य सामने आया। पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
रेवाड़ी में कंपनी कर्मचारी ने फंदा लगा आत्महत्या की:एक माह पहले हुई शादी, सुसाइड नोट में लिखा- भाई की चुका देना उधारी
