पलवल में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:बेकाबू होकर पलटी कार, लोगों की भीड़ देख ड्राइवर फरार; मथुरा का रहने वाला

Spread the love

पलवल जिले के नेशनल हाईवे-19 पर गोसेवा धाम अस्पताल के पास एक ट्रक की टक्कर से कार सवार 28 वर्षीय युवक कमल की मौत हो गई। युवक मथुरा के तुमोला गांव का रहने वाला था और फरीदाबाद जा रहा था। दुर्घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा होडल थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा राजू ने शिकायत दर्ज कराई है। राजू के अनुसार, उनका भतीजा कमल अपनी वैगनआर कार से देर शाम अपने घर से फरीदाबाद जा रहा था। गोसेवा धाम अस्पताल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बेकाबू होकर पलट गई। दुर्घटनास्थल पर तुरंत लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर ट्रक ड्राइवर अपने वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कमल को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव पुलिस ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। होडल थाना पुलिस ने मृतक के चाचा राजू की शिकायत पर अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।