पूरे यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्द पछुआ हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। मंगलवार सुबह कानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच समेत 40 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई है। सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। कुछ जगह पर ओस की बूंदें रिमझिम बारिश का एहसास करा रही हैं। राजधानी लखनऊ भी देर रात से ही घने कोहरे की चपेट में है। कोहरा इतना घना है कि 3 से 4 मीटर दूर भी कुछ नहीं दिख रहा है। सुबह से हर तरफ धुंध की सफेद चादर नजर आ रही है। इस वजह दिल्ली से लखनऊ आने वाली Air India Express की उड़ान IX-2171 को लखनऊ में लैंडिंग की इजाजत नहीं मिल सकी। विमान आसमान में ही कई चक्कर लगाता रहा। बाद में वापस लौट गया। पूर्वी यूपी में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी पछुआ हवा की वजह से गलन का असर तेज हो गया है। सुबह-सुबह लोग घरों के बाहर अलाव जलाकर बैठे नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों, शॉल और टोपी में लिपटे नजर आए। स्कूलों में छुट्टी की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में इटावा सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.4°C दर्ज किया गया। यह शिमला और मनाली (2.6°C) से भी कम था। इसके अलावा बहराइच में पारा 3.0°C, गोरखपुर में 5.0°C, सुल्तानपुर में 5.4°C और आजमगढ़ में 5.6°C पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन बेहद अहम रहने वाले हैं। लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया- आंशिक शीतलहर जैसे हालात अभी बने रहेंगे। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से दिन के समय ठंड से कुछ राहत रहेगी, लेकिन सुबह और शाम के वक्त गलन बरकरार रहेगी। हालात अगले चार से पांच दिनों तक ऐसे ही बने रह सकते हैं। मौसम की तस्वीरें- जनवरी में कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में आज मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…
यूपी के 40 जिलों में कोहरा, विजिबिलिटी शून्य तक पहुंची:लखनऊ में आसमान में चक्कर काटता रहा विमान, दिल्ली लौटा
