तांत्रिक सिद्धि के लिए 5 साल के मासूम की बलि:यमुनानगर में जीजा-बहन ने श्मशानघाट में घोटा गला, नाले में फेंका शव, 5 माह बाद गिरफ्तार

Spread the love

यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धी के लिए जीजा व बहन ने पांच साल के मासूम की बलि ले ली। बच्चे को पहले किडनैप कर घर में रखा और फिर रात को श्मशानघाट में ले जाकर तंत्र मंत्र के बाद उसका गला घोटकर मौत के घाट उतार दिया। पकड़े जाने के डर से शव रात को ही पास के गांव में ट्यूबवेल के पास नाले में फेंक दिया। वारदात जुलाई 2025 की है। इस मामले में करीब पांच माह बाद दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों की पहचान शिव कुमार उर्फ सोनी निवासी जोगिंद्र नगर व उसकी पत्नी भारती के रूप में हुई है। वारदात में दो नाबालिग भी शामिल थे, जोकि अभी गिरफ्त से बाहर हैं। पोस्टमॉर्टम में हुई गला दबाकर मौत की पुष्टि डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि 30 जुलाई 2025 की शाम को पांच वर्षीय प्रिंस पुत्र रविंद्र निवासी कामी माजरा घर से अचानक लापता हो गया था, जिसका अगले दिन घर से दो किलोमीटर दूर पांसरा गांव के ट्यूबवेल के पास नाले में शव मिला था। शव का पोस्टमॉर्टम कराया तो बच्चे की गला दबाकर मौत की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। लगातार जांच करते हुए वारदात के करीब पांच माह बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।