हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में क्रेटा कार डिमांड पूरी नहीं होने पर पति ने अपनी पत्नी को घर से निकाल दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का परिवार गिरोह की तरह काम करता है। ये लोग युवतियों को फंसाकर शादी के बाद दहेज का सामान लेकर फरार हो जाते हैं। आरोप लगाया कि ये परिवार उसके समेत 3 लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं। दहेज का सामान लेकर दूसरे जगह शिफ्ट हो जाते हैं और फिर अपने लड़के को कुंवारा बनाकर उसकी शादी कर देते हैं। आरोपियों ने उसके साथ भी धोखे से शादी कर घर से निकाल दिया। 2 साल पहले हुई थी शादी बाबैन की रहने वाली सोनिया ने पुलिस को बयान दिए कि 27 अक्टूबर 2023 को उसकी शादी करनाल के गांव घीड़ के रविंद्र कुमार से हुई थी। उसके पति रविंद्र की पहले 2 शादियां हो चुकी थी। उसके परिवार ने उनको धोखे में रखकर उसके साथ तीसरी शादी करवाई। दहेज लेकर तोड़ी दोनों शादी सोनिया के मुताबिक, उसके पति की पहली शादी विलासपुर (यूपी) में हुई। आरोपी 6 महीने बाद अपनी पत्नी को छोड़ दिया। उसका दहेज का सारा सामान लेकर भाग आए। इसी तरह दूसरी शादी संगरौली (कैथल) में की गई, जहां भी दहेज लेकर परिवार फरार हो गया। टॉप मॉडल क्रेटा कार की डिमांड शादी के बाद रविंद्र और उसके परिवार ने उसके माता-पिता से जेवर और नकदी मांगी। उनको पता चला कि उसे कार चलानी आती है, तो आरोपी उससे क्रेटा कार लाने की डिमांड करने लगे। उसकी सास ने धमकी दी, कि अगर टॉप मॉडल क्रेटा कार नहीं लाई, तो बेटे की कहीं और शादी कर देंगे। विदेश जाने के लिए नकदी मांगी डिमांड पूरी नहीं होने पर आरोपी उससे नकद पैसे मांगने लगे। उसके परिवार ने करीब पौने 2 लाख रुपए देकर उनकी डिमांड पूरी कर दी, लेकिन आरोपी उसके परिवार से और पैसे की डिमांड करने लगे, तब उसने अपने बचत के पैसे से करीब सवा लाख रुपए उनको दिए। अचानक गायब हुआ पति 21 मई 2024 को उसका पति रविंद्र रातोंरात गायब हो गया। कुछ दिन बाद फोन आया, तो बताया कि उसे किडनैप कर लिया है और किडनैपर पैसे की डिमांड कर रहे हैं। बाद में उसे पता चला कि उसका पति उसे छोड़कर भाग गया है। रविंद्र को उसके परिवार ने बगैर उसे बताए अमेरिका भेज दिया। आरोपी पर कार्रवाई की मांग उसके पति उसे धोखा देकर अमेरिका फरार हो गया, उस समय वह 2 महीने की गर्भवती थी। अभी उसके पास करीब 9 महीने का बेटा है, वह अपने मायके रह रही है। उधर, पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कुरुक्षेत्र में दहेज के लिए युवती से की तीसरी शादी:गर्भवती कर अमेरिका फरार, बोलीं- गिरोह बना फंसा रहे लड़कियां
