हरियाणा के पानीपत में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी की हत्या के मामले में कार्रवाई कर रही पुलिस और बदमाशों में रविवार की देर रात को मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गुरदर्शन को गिरफ्तार किया है, जिसके पैर में गोली लगी है। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में उसने जमीन पर कब्जे के विवाद में जयदीप राठी की हत्या कर शव को जलाकर उसकी राख नहर में बहाने की बात कही है। पुलिस अब उसके दूसरे साथी की भी तलाश कर रही है। साथ ही, यह भी पता कर रही है कि कहां मर्डर किया और किस नहर में उसने राख बहाई। पहले जानिए हत्यारोपी ने पुलिस को क्या-क्या बताया… रात करीब 11:30 बजे रिफाइनरी रोड पर हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 11:30 बजे रिफाइनरी रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मामले में कुछ घंटे पहले गिरफ्तार किए जसवंत से यह सूचना मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस जब हिस्ट्रीशीटर गुरदर्शन को पकड़ने पहुंची, तो बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की। एक आरोपी के पैर में लगी गोली, दूसरा हुआ फरार
पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में तीन राउंड फायरिंग की गई। इसमें एक गोली गुरदर्शन के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल भी बरामद हुई है। हालांकि, उसका एक साथी जलजीत उर्फ भोला मौके से फरार होने में कामयाब रहा। 27 दिसंबर को कर दी थी जयदीप की गोली मारकर हत्या
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गुरदर्शन ने बताया कि उसने जसवंत के साथ मिलकर 27 दिसंबर को ही डेराबस्सी में जयदीप को गोली मार दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास भी किया था। पुलिस के अनुसार, अब तक इस पूरे मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। हत्या जमीन के विवाद में की गई, छह आरोपी पकड़े जा चुके
पुलिस के अनुसार, जयदीप राठी की 27 दिसंबर को ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में जयदीप के बेटे की शिकायत पर 27 दिसंबर को ही अपहरण का केस दर्ज किया था। बीते शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों हरेंद्र राठी, रविंद्र उर्फ रवि राठी, सुनील शर्मा और प्रीतम को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जयदीप को रास्ते से हटाने के लिए जसवंत उर्फ जस्सी को कहा गया था, ताकि जमीन पर कब्जा किया जा सके। जसवंत ने गुरु दर्शन और जलजीत के साथ मिलकर जयदीप की हत्या की साजिश रची। जयदीप को मिलने के लिए बुलाया और उसे गोली मार दी। मामले में अब तक छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। ********* ये खबर भी पढ़ें… इनेलो जिलाध्यक्ष के भाई के फॉर्महाउस पर बदमाशों का धावा: पानीपत में गेट फांदकर घुसे 10-12 लोग; पकड़ा गया बदमाश बोला- कब्जा करने आए थे हरियाणा के पानीपत में बदमाशों ने देर रात इनेलो जिलाध्यक्ष के भाई के फॉर्म हाउस पर धावा बोल दिया। 10-12 बदमाश हथियार लेकर दीवार फांदकर अंदर घुसे। चौकीदार ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पत्नी से भी अभद्रता कर उसकी सोने की ज्वेलरी लूट ली। चौकीदार ने शोर मचाया तो इसके बाद बदमाश वहां से भागने लगे। इस दौरान एक का बदमाश टीन शेड पर चढ़ते समय पैर फिसल गया। इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। (पूरी खबर पढ़ें…) INLD युवा अध्यक्ष की सिर में कुल्हाड़ी मारकर हत्या: दिल्ली में लाश जलाने की कोशिश; सोनीपत से ₹10 लाख कैश लेकर निकले थे हरियाणा में सोनीपत के रहने वाले इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राई विधानसभा क्षेत्र से युवा हलका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह उर्फ बीनू दहिया की हत्या कर दी गई। उनके सिर में कुल्हाड़ी से वार किए गए। उनका शव दिल्ली के ऑफिस में पड़ा मिला। शव को जलाने की कोशिश की गई थी। परिवार का कहना है कि भूपेंद्र 1 जनवरी को घर से 10 लाख रुपए लेकर निकले थे। उन्होंने बताया था कि उन्हें किसी की पेमेंट करनी है। जहां भूपेंद्र का शव मिला, वहां कुछ कैश भी जला हुआ मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पूरी खबर पढ़ें…)
पानीपत इनेलो जिलाध्यक्ष के भाई के हत्यारोपी का एनकाउंटर:पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था, गोली लगने से घायल; बोला- लाश जलाकर राख नहर में बहाई
