अंबाला कैंट क्षेत्र के टुंडला गांव में गुरुवार देर रात गैंगवार और रंजिश के चलते भारी तनाव फैल गया। भूप्पी राणा गैंग से जुड़े अमन सोनकर के करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने सीधे किसान पर पिस्टल से फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। पंजोखरा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में गांव टुंडला निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि 1 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे अमन सोनकर का फोन आया। अमन ने आरोप लगाया कि गांव के एक युवक ‘काडी’ ने उनके लड़के का बैग उठा लिया है। रणधीर ने आमने-सामने बैठकर बात करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन अमन ने अपने गुर्गों को भेज दिया। चार बाइक और तीन एक्टिवा पर सवार होकर आए सत्यम, शिवम, मोनू, आकाश, राजू और अन्य बदमाशों ने आते ही झगड़ा शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपी सत्यम ने पिस्टल निकालकर रणधीर पर गोली चला दी। रणधीर ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया, जिससे उसकी जान बच गई। कांच की बोतलें फेंककर खदेड़े हमलावर
हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे रुकने को तैयार नहीं थे। अपनी जान बचाने के लिए रणधीर और उसके साथियों ने घर में रखी कांच की बोतलें बदमाशों पर फेंकनी शुरू कीं। इसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। भागते समय बदमाश अपनी एक एक्टिवा और वह बैग वहीं छोड़ गए। पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों में रोष
वारदात की सूचना मिलते ही पंजोखरा थाना पुलिस, सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सत्यम, शिवम, मोनू समेत पांच नामजद और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। गांव के पूर्व सरपंच बिल्लू ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि बदमाश अब गांवों के अंदर घुसकर तांडव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सुरक्षा चूक को लेकर वे जल्द ही परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज और एसपी अंबाला से मुलाकात करेंगे। SHO बोले- आपसी झगड़े में चली गोली
थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया, “आपसी झगड़े के बाद आरोपी सत्यम ने गोली चलाई है। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।”
अंबाला में भूपी राणा गैंग के बदमाशों ने की फायरिंग:बाल-बाल बचा किसान; बोतलें फेंक कर हमलावरों को खदेड़ा, गैंगवार की आशंका
