MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:भाजपा नेता ने कार से 5 लोगों को कुचला, चलती मर्सिडीज कार में आग, झूले पर स्टंट, पिलर से टकराया सिर

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. भाजपा नेता ने कार से 5 को रौंदा, दो की मौत, पुलिस हिरासत से आरोपी गायब मुरैना के पोरसा में शुक्रवार रात भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया की कार से अलाव ताप रहे पांच लोग कुचल गए। ग्वालियर में भर्ती दो घायलों की मौत हो गई। शनिवार दोपहर 500 से ज्यादा लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। मौके पर प्रशासन पहुंचा, समझाइश के दौरान हंगामा हुआ और एक महिला ने टीआई की कॉलर पकड़ ली। पढ़ें पूरी खबर 2. चलती मर्सिडीज में लगी आग, कार सवार निकलकर भागे, मैहर में मां शारदा के दर्शन करने गए थे
मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर हरदुआ के पास शुक्रवार देर रात एक मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई। धुआं निकलते देख कार सवार तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही सेकंड में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई, जिससे हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। नागपुर निवासी देवेश पनरोतवार और योगेश गिलयतकर दर्शन के बाद घूम रहे थे, तभी हादसा हुआ। पढ़ें पूरी खबर 3. ग्वालियर मेले में झूले पर स्टंट, पिलर से सिर टकराया, चलते नाव झूले में चढ़ रहा था युवक नाव झूले में स्टंट करते युवक का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसका सिर झूले के पिलर से टकरा गया। साथ बैठे लोगों ने उसे संभाला। यह वीडियो ग्वालियर व्यापार मेला या सिंगरौली के विंध्यनगर मेले का बताया जा रहा है, लेकिन पुष्टि नहीं हुई। झूला एसोसिएशन इसे पुराना बता रही है, जबकि मेले में झूले चालू हैं। घटना की कोई शिकायत नहीं हुई है। पढ़ें पूरी खबर 4. भाजपा नेता ने रेप पीड़िता को धमकाया, बोला- कुछ नहीं होगा मेरा; चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने का आरोप
सतना जिले के रामपुरबघेलान में भाजपा नेता पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि भाजपा नेता वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। शिकायत की तो आरोपी धमकाने लगा। धमकाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर 5. उज्जैन में 45 साल पुरानी चिमनी चंद सेकंड में ध्वस्त: 150 से अधिक होल में 22 किलोग्राम बारूद भरकर उड़ाया उज्जैन के लोटी स्कूल परिसर में स्थित 45 साल पुरानी लगभग 36 फीट चौड़ी और 150 फीट ऊंची फ्लोर मिल की चिमनी को 22 किलो बारूद लगाकर उड़ा दिया गया। इस काम के लिए देश के जाने-माने विस्फोटक विशेषज्ञ शरद सरवटे को बुलाया गया था, जिनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। पढ़ें पूरी खबर 6. राजगढ़ सबसे ठंडा…पारा 3.8 डिग्री:16 जिलों में घना कोहरा, इस वजह से कई ट्रेनें लेट; पचमढ़ी से ठंडा भोपाल
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। शुक्रवार-शनिवार रात कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 3.8 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल, नौगांव और उमरिया में 4.6 से 4.7 डिग्री तापमान रहा, जो पचमढ़ी से भी कम है। इंदौर, ग्वालियर समेत 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे और 16 जिलों में कोहरे से ट्रेनें लेट रहीं। पढ़ें पूरी खबर 7. शहडोल के तिरुपति बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी:चोर ने जूते उतारे, परिक्रमा कर मुकुट चुराए; घटना CCTV में कैद
शहडोल के वार्ड-34 स्थित रेलवे कॉलोनी के श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में शुक्रवार देर शाम अनोखी चोरी हुई। अज्ञात चोर जूते उतारकर, चरण वंदन और परिक्रमा करने के बाद भक्त बनकर मंदिर में घुसा। उसने बालाजी, लक्ष्मी, भू देवी और नीचे राम दरबार में भगवान राम-लक्ष्मण की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट चुरा लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. उज्बेकिस्तान की बुजुर्ग महिला को इंदौर ने दी नई जिंदगी: फेफड़ा बाहर निकालकर सर्जरी की उज्बेकिस्तान की 70 वर्षीय महिला अल्ला सिमरोनोवा को सांस की गंभीर बीमारी के चलते इंदौर लाया गया। चोइथराम अस्पताल में पांच घंटे चली जटिल सर्जरी में ट्यूमर हटाकर फेफड़े का 40% खराब हिस्सा निकाला गया और 60% स्वस्थ फेफड़ा दोबारा जोड़ा गया। तेजी से रिकवरी के बाद छह दिन में वह नाचते-गाते डिस्चार्ज होकर अपने देश रवाना हुई। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. माधव टाइगर रिजर्व में नई बाघिन को किया रिलीज:पिंजरा खुलते ही जंगल की तरफ दौड़ लगाई, बाघों की संख्या बढ़कर अब 8 हुई
शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व में शनिवार सुबह एक और बाघिन को खुले जंगल में छोड़ा गया। बांधवगढ़ से लाई गई इस बाघिन को सुबह करीब 9 बजे रिजर्व के मध्य क्षेत्र में सफलतापूर्वक रिलीज किया गया। इसके साथ ही माधव टाइगर रिजर्व में बाघों की कुल संख्या बढ़कर अब 8 हो गई है। रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में यहां 4 मादा बाघ, 2 नर बाघ और 2 शावक मौजूद हैं। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. भावांतर की तीसरी किस्त तैयार, CM किसानों को देंगे 500 करोड़ रुपए
रतलाम के जावरा में 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों को भावांतर की तीसरी किस्त में 500 करोड़ रुपए देंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहेंगे।