हरियाणा के नूंह जिले में मालब स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों द्वारा किए गए हुड़दंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। कॉलेज की वर्कशॉप में पुरानी कुर्सियों के साथ तोड़फोड़ करते हुए कुछ छात्रों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था। दैनिक भास्कर एप पर खबर चलने के बाद 12 छात्रों को आगामी आदेशों तक सस्पेंड कर दिया गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल रहीस अहमद ने बताया कि यह निलंबन अस्थायी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। निलंबित छात्रों की काउंसलिंग भी करवाई जाएगी, ताकि वे भविष्य में इस तरह की अनुशासनहीन गतिविधियों से दूर रहे। साथ ही छात्रों के परिजनों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, ताकि बच्चों की गलतियों को समझाकर उनमें सुधार लाया जा सके। कॉलेज में तोड़फोड़ की तस्वीरें… वीडियो के बैकग्राउंड में मेवाती गाना लगाया
हाल ही में मालब पॉलिटेक्निक कॉलेज के कुछ छात्रों ने कॉलेज की वर्कशॉप में रखी पुरानी कुर्सियों के साथ तोड़फोड़ करते हुए एक वीडियो बनाया था। वीडियो के बैकग्राउंड में मेवाती गाना ’अब तक याने भेड़ चराई, अब फैशन कु पचरो, उल्टी बुरसट पहनके कहरो केसों में लगरों..’ चल रहा था। इंस्टाग्राम पर बनी ‘TAURU_VINSE1’ आईडी पर से शेयर किया गया। वीडियो के टाइटल पर लिखा- ‘फ्यूचर इंजीनियर।’ कॉलेज प्रशासन के सामने वीडियो आने के बाद प्रिंसिपल ने हेड ऑफ डिपार्टमेंट को स्टूडेंट्स की पहचान करने को कहा था। साथ ही जिला पुलिस ने भी वीडियो देख कॉलेज प्रशासन से जानकारी ली। साथ ही पुलिस को आश्वासन दिया कि उक्त छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रिंसिपल बोले- कबाड़ खाने में कुर्सियां भी तोड़ीं
कॉलेज के प्रिंसिपल रहीस अहमद ने कहा कि तोड़फोड़ वर्कशॉप के कबाड़ खाने में पड़ी पुरानी कुर्सियों के साथ की गई थी। इससे संस्थान को कोई प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस तरह की हरकतें कॉलेज के अनुशासन और छवि को ठेस पहुंचाने वाली हैं। अनुशासन भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और छात्रों के भविष्य को देखते हुए सुधारात्मक व दंडात्मक दोनों तरह की कार्रवाई की जाएगी।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले 12 स्टूडेंट सस्पेंड:इंस्टा रील के लिए तोड़ी टेबल-कुर्सियां, बैकग्राउंड में गाना- ‘अब तक भेड़ चराई, अब फैशन कु पचरो’
