बरेली के होटल में शराबियों ने युवती का सिर फोड़ा,VIDEO:क्रिसमस पर टेबल को लेकर शुरू हुई कहासुनी, बोतल से किया हमला

Spread the love

बरेली में शराब के नशे में धुत छह से अधिक युवकों ने एक युवती के साथ बदमीजी की। युवती के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और लहूलुहान हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही युवती ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद युवती को जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना क्रिसमस नाइट को सैटेलाइट चौराहे के पास स्थित माई बार हेडक्वार्टर होटल में हुई। देखिए 3 तस्वीरें… विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… टेबल को लेकर युवकों में हुई कहासुनी
क्रिसमस के मौके पर माई बार हेडक्वार्टर होटल में बड़ी संख्या में लोग सेलिब्रेशन के लिए मौजूद थे। आशुतोष सिटी निवासी महक गुप्ता होटल में डिनर करने पहुंची थीं। इसी दौरान टेबल को लेकर कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। युवक शराब के नशे में धुत थे और देखते ही देखते गाली-गलौज पर उतर आए। महक ने जब इसका विरोध किया तो 6 से अधिक युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। शराब के नशे में धुत थे आरोपी पीड़िता महक ने बताया- घटना के समय होटल में शैनित श्रीवास्तव, सलोनी पटेल, ध्रुव राय, अमन राय, चिराग गुप्ता सहित दो-तीन अन्य युवक मौजूद थे। सभी आरोपी शराब के नशे में धुत थे। मारपीट शुरू होते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हमले में मेरा सिर फट गया और मैं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। लेकिन होटल के बाउंसर ने न तो मुझे बचाने की कोशिश की और न ही हमलावरों को रोककर पुलिस के हवाले किया। इसी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। एसपी सिटी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया- घटना की जानकारी मिलते ही सैटेलाइट पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ————— ये भी पढ़ें- पुलिस वालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट अरेस्ट:शराब खरीदते समय CCTV से पहचान, एक्सीडेंट के बाद सर्विस सेंटर में खड़ी की कार कानपुर में गंगा बैराज पर 3 पुलिसवालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 3 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों छात्रों की पहचान श्याम सुंदर (23) और अभिजीत (22) के रूप में हुई है। पढ़िए पूरी खबर…