प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद खेल महोत्सव के अंतिम दिन फतेहाबाद जिले के टोहाना खंड के गांव डांगरा के बॉक्सर नीरज के साथ संवाद किया। गांव समैन के खेल स्टेडियम में महोत्सव का समापन समारोह हुआ। इस दौरान पीएम मोदी और नीरज के बीच संवाद हुआ। गांव डांगरा के बॉक्सिंग खिलाड़ी नेशनल मेडलिस्ट नीरज के पिता बलवान सिंह को ऑपरेटिव सोसाइटी में काम करते हैं जबकि मां गृहिणी है। पीएम मोदी ने नीरज से राम-राम कहकर बात शुरू की, तो उसने पीएम से पूछा कि कैसे हो। इस पर पीएम ने कहा कि तेरे जैसा ही हूं। खेल में ही करियर बनाना चाहते हैं पीएम ने पूछा कि क्या आप खेल में ही करियर बनाना चाहते हैं। इस पर नीरज ने कहा कि जी, मैं चाहता हूं कि देश को ओलिम्पिक में गोल्ड मेडल लाकर दूं। पीएम ने बातों में ओलंपियन नीरज चोपड़ा का भी जिक्र किया। दुनिया के बॉक्सरों के मैच देखते हो- पीएम पीएम ने कहा कि क्या आप दुनिया के इंटरनेशनल बॉक्सरों के मैच देखते हैं क्या। इस पर नीरज ने जवाब दिया कि जी, विश्व और देश के अच्छे अच्छे बहुत से बॉक्सर हैं, जिनकी फाइट मैं देखता हूं। उनसे मोटिवेट होता हूं। पीएम बोले, मोबाइल देखते हो, तो पिताजी कहते होंगे जाओ खेलो, ऐसा तो नहीं होता है। इस पर नीरज ने जवाब दिया कि कोई रील सामने आ जाती है, तो देख लेता हूं। फिर पीएम ने पूछा कि सांसद खेल महोत्सव में कब से खेल रहे हैं, यह कैसे मदद कर रहा है। नीरज ने जवाब दिया कि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बड़ा तगड़ा आयोजन कर रखा था, सारी सुविधाएं दी गई। मेरी इच्छा देश के लिए मेडल लाना- नीरज पीएम बोले कि तो क्या आज मानकर जाऊं कि एक और हरियाणा का बॉक्सर देश को मेडल दिलाएगा। नीरज ने कहा कि जरूर। अगले या उससे अगले ओलिम्पिक में मेडल जीतकर आपको सौंप दूं जी, ये मेरी इच्छा है। पीएम ने नीरज से कहा कि मेरी कोई बात को प्रेशर की तरह मत लीजिएगा। खेल के मैदान में लगातार प्रयास करते रहे। आप अपनी मस्ती से रहिए, मेडल अपने आप आएंगे, चिंताओं से मुक्त रहे। इसकी चिंता सरकार करेगी, खेल के मैदान में या तो जीतते हैं या सीखते हैं, कभी कोई हारता नहीं है। टॉप-टेन में रहा सिरसा लोकसभा सांसद खेल महोत्सव में सिरसा लोकसभा क्षेत्र टॉप-टेन में रहा है। यहां राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नेतृत्व में खेलों का आयोजन हुआ। पहले गांव, फिर विधानसभा और उसके बाद लोकसभा स्तर पर मुकाबले करवाए गए। करीब 45 हजार खिलाड़ियों ने इसमें रजिस्ट्रेशन करवाया।
PM मोदी ने फतेहाबाद के बॉक्सर नीरज से किया संवाद:बोले-मानकर चलूं हरियाणा का एक और खिलाड़ी मेडल लाएगा; सीखते रहिए
