सोनीपत में रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार:एसीबी ने 5 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा; सड़क एक्सीडेंट केस में मांगी

Spread the love

सोनीपत जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सैदपुर पुलिस चौकी में तैनात एक एएसआई को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सड़क हादसे से जुड़े एक मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद की गई। आरोपी एएसआई विजयपाल पर आरोप है कि उसने सड़क एक्सीडेंट मामले में गाड़ी की सुपर-दारी मामले में कार्रवाई के बदले पानीपत निवासी एक युवक से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित युवक ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की, जिसके बाद पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की गई। जाल बिछाकर रंगे हाथों गिरफ्तारी शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी एएसआई ने युवक से 5 हजार रुपए की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथों काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम सैदपुर पुलिस चौकी में पहुंची, जहां पूरे मामले से संबंधित कागजी कार्रवाई की जा रही है। रिश्वत की रकम को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आगे की जांच में आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जाएगी।