मुरैना में दो पक्षों में पथराव, लाठी-डंडे चले, गाड़ियां फोड़ीं:25 लोगों ने घर में घुसकर दंपति को पीटा; कृषि मंत्री के मीडिया प्रभारी पर आरोप

Spread the love

मुरैना के देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुन पुरा में खेत की मेड़ पर तार फेंसिंग को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने लाठियों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि गुर्जर पक्ष के करीब दो दर्जन लोगों ने घर में घुसकर सिकरवार दंपति (पति-पत्नी) की बेरहमी से पिटाई की और घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर सत्ता के दबाव में कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है। अर्जुन पुरा निवासी अशोक सिकरवार अपने खेत में आवारा पशुओं से बचाव के लिए तार फेंसिंग कर रहे थे। इसी बात पर गांव के ही प्रताप गुर्जर, बबलू गुर्जर और धीरज गुर्जर ने आपत्ति जताई। रविवार सुबह विवाद बढ़ा तो गुर्जर पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया, जवाब में सिकरवार पक्ष ने भी पत्थर फेंके। उस वक्त मामला शांत हो गया, लेकिन शाम होते-होते धीरज गुर्जर ने अपने 25-30 साथियों को बुला लिया और अशोक के घर पर धावा बोल दिया। खुद को कमरे में कैद कर बचाई जान भीड़ ने घर में घुसकर अशोक सिकरवार और उनकी पत्नी गुड्डी सिकरवार को लाठियों से पीटा। परिवार के अन्य सदस्यों ने खुद को घर के अंदर बंद कर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और बाइक में भी तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का वीडियो परिवार ने घर के अंदर से बना लिया। पीड़ित बोले- आरोपी मंत्री का मीडिया प्रभारी घायल अशोक सिकरवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस प्रताप गुर्जर पर वे मारपीट का आरोप लगा रहे हैं, वह कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना का मीडिया प्रभारी है। अशोक का आरोप है कि थाना प्रभारी जयपाल गुर्जर भी आरोपियों के सजातीय हैं, इसलिए दबाव में कार्रवाई नहीं कर रहे। अशोक ने बताया कि विवाद 7 दिन से चल रहा था, जब वे थाने गए तो टीआई ने आवेदन लेने से मना कर दिया था और समझौता कराने की बात कही थी, लेकिन सुरक्षा नहीं दी। टीआई बोले- जो नाम लिखवाना चाहते हैं, वो सही नहीं देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल सिंह गुर्जर ने आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि खेत में फेंसिंग को लेकर विवाद है और दोनों तरफ से पथराव हुआ है। अशोक सिकरवार मुझसे पहले कभी नहीं मिले और न ही आवेदन दिया। टीआई ने कहा कि मैंने वीडियो देखा है, जिसमें पथराव हो रहा है। दोनों पक्षों के लोग घायल हैं। अशोक सिकरवार एफआईआर में जिन लोगों के नाम लिखवाना चाहते हैं, वह सही नहीं लग रहे, इसलिए अभी एफआईआर नहीं हुई है। आज दोनों पक्षों को फिर बुलाया है।