कुरुक्षेत्र जिले में ढांड रोड पर तेज रफ्तार बाइक ने एक युवक को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में युवक के सिर पर ज्यादा चोट लगी, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना सड़क पार करते समय हुई। युवक अपने भाई के साथ सामान खरीदने आया था। मृतक की पहचान माधव राज (33) हाल निवासी भैंसी माजरा के रूप में हुई। माधव राज, गांव में ही किसान के पास खेती करता था। माधव अपने पीछे पत्नी, 7 साल के बेटे करन और बेटी रिया (4) को छोड़ गया। माधव का परिवार यूपी के बाराबंकी जिले के बान बिजला गांव का रहने वाला है। सामान लेने गए थे बाजार बीड अमीन निवासी निरंकार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने बड़े भाई माधव से मिलने गांव भैंसी माजरा गया था। दोनों भाइयों को जरूरत का घरेलू सामान खरीदना था। इसलिए वे ढांड रोड पर एक दुकान से सामान खरीद कर पैदल वापस आ रहे थे। बाइक ने मारी टक्कर रात करीब 8 बजे कुरुक्षेत्र की तरफ से तेज रफ्तार बाइक ने उसके भाई माधव राज को टक्कर मार दी। टक्कर से माधव का सिर सड़क पर लगने से वह बेहोश हो गया। बाइक सवार को भी हल्की-फुल्की चोटें आईं। उसने भाई को संभाला और LNJP अस्पताल पहुंचाया। PGI में तोड़ा दम यहां से उसके भाई को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर थाना केयूके में केस दर्ज कर लिया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
कुरुक्षेत्र में बाइक की टक्कर से युवक की मौत:भाई के साथ सामान लेकर लौट रहा घर, दो बच्चों का पिता था मृतक
