हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने हिंदू लड़की से रेप और मर्डर की फर्जी पोस्ट डालने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चरवा गांव के रहने वाले शौर्य मिश्रा के रूप में हुई है। शौर्य कौशांबी से भाजयुमो का उपाध्यक्ष है। शौर्य ने X पर मर्डर को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट की थी। साथ ही लिखा था कि यह लड़की गुरुग्राम की रहने वाली है। मुस्लिम युवक ने प्यार के जाल में फंसाकर उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने पोस्ट देखने के बाद शौर्य को चेतावनी दी थी कि वह ये पोस्ट डिलीट कर दे। जबकि, उसने इसे डिलीट नहीं किया। 11 दिसंबर को साइबर थाने में शौर्य के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालकर सामाजिक एवं धार्मिक सद्भावना को बिगाड़ने का केस दर्ज किया। इसके बाद इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने सोमवार देर शाम शौर्य को कौशांबी से गिरफ्तार कर लिया। वह LLB पास है। शौर्य की आपत्तिजनक पोस्ट, जिस पर एक्शन हुआ 9 दिसंबर को आपत्तिजनक फोटो डालकर पोस्ट की
शौर्य ने 9 दिसंबर को अपने X हैंडल पर एक पोस्ट की थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि गुरुग्राम के एक कॉलेज की छात्रा का मुस्लिम युवकों ने रेप कर हत्या कर दी। इस पोस्ट में यह भी कहा गया था कि छात्रा एक मुस्लिम छात्र के प्रेमजाल में फंस गई थी और इस दौरान दोनों होटल में मिलते थे। आरोप है कि इन निजी पलों के वीडियो और तस्वीरों से मुस्लिम प्रेमी छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। जब छात्रा ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो मुस्लिम प्रेमी ने उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची और एक होटल में बुलाकर अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी और लाश को जंगल में फेंक दिया। शौर्य ने पोस्ट में कुछ फोटो भी शेयर किए थे। पूछताछ में बोला- सोशल मीडिया से उठाई पोस्ट
गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस ने शौर्य से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसे यह पोस्ट सोशल मीडिया पर दिखाई दी थी। इसके बाद उसने उस पोस्ट को उठाकर अपने X हैंडल पर डाल दिया। यह जानते हुए भी कि पोस्ट आपत्तिजनक है और इससे सामाजिक एवं धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं, उसने उस पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। पुलिस प्रवक्ता बोले- डिलीट करवा रहे पोस्ट
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल भी बरामद कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने अब उसकी पोस्ट डिलीट करवा दी है। इसके अलावा जिस-जिस ने भी इस तरह की गलत पोस्ट डाल रखी है, उन्हें हटवाया जा रहा है।
गुरुग्राम की लड़की बता भाजयुमो नेता ने अश्लील तस्वीरें डालीं:लिखा- मुस्लिम युवक ने रेप कर हत्या की; उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लाई पुलिस
