भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दित्वा के कारण दो दिसंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। केरल में भी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है, जबकि तटीय तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तूफान के 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु तट तक पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में समुद्री हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है। समुद्र में 8 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं।
मछुआरों को एक दिसंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गयी है खासकर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र और तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों पर। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में 2 दिसंबर तक और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, लक्षद्वीप, मालदीव और केरल तट पर 30 नवंबर तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है। तूफान की वजह से तमिलनाडु के कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और चेन्नई हवाई अड्डे पर 50 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। प्रभावित इलाके जैसे मदुरै, तिरुचिरापल्ली, थूथुकुडी, सलेम, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
आईएमडी ने बताया कि तूफान वर्तमान में श्रीलंका के जाफना से लगभग 80 किलोमीटर पूर्व, वेदारनियम से 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से 380 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित है। तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम की दिशा में बढ़ रहा है और रविवार, 30 नवंबर की सुबह तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है।
