आयोग ने शुक्रवार को जेल परिसर में सुनवाई की और सोनम वांगचुक के बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि आयोग जल्द ही उनकी पत्नी के भी बयान दर्ज करेगा, जिन्होंने हाल ही में वांगचुक मामले को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच की अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और लेह-लद्दाख सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष एमके हंजूरा कर रहे हैं। उनके साथ लेह जिला न्यायाधीश मनोज परिहार और कारगिल जिला न्यायाधीश स्पल जयेश अंगमों भी जांच प्रक्रिया में शामिल हैं। तीनों न्यायाधीश गुरुवार को जोधपुर पहुंचे और जेल प्रशासन के साथ सुरक्षा एवं प्रक्रिया संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
जोधपुर सेंट्रल जेल और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि जांच कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। आयोग की यह जांच कार्रवाई संवेदनशील मानी जा रही है, क्योंकि यह लेह-लद्दाख हिंसा की पृष्ठभूमि और सोनम वांगचुक की भूमिका पर कई अहम खुलासे कर सकती है।
