पांच दिन से लापता जींद का छात्र हांसी में मिला

Spread the love

मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल ने मुख्यमंत्री से भी मदद की गुहार लगाई थी। बच्चे को सकुशल पालकर परिजन बेहद खुश हैं। न्यू हाउसिंग बोर्ड जींद निवासी एडवोकेट नवीन सिंगला का बेटा पुलकित गत 29 सितंबर को डीएवी स्कूल पढऩे गया था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। पुलकित उस समय स्कूल यूनिफॉर्म में था। परिवार की शिकायत पर जींद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और विभिन्न स्थानों की सीसी टीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।

शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक जो पुलकित जैसा दिखता है जिसे हांसी में देखा गया है। जींद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और पुलकित को अपनी सुरक्षा में ले लिया। देर रात पुलिस पुलकित को लेकर सिविल लाइन थाना जींद पहुंची तो और वहां पिता नवीन सिंगला ने जैसे ही अपने बेटे को देखा तो गले लगाकर फूट-फूट कर रोने लगे। शनिवार को राजकुमार गोयल ने बताया कि बच्चा अभी सदमे में है और पूरी जानकारी नही दे पा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलकित ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। उसे खाना तक नहीं दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गोयल ने जींद के एसपी से मांग की है कि पुलिस यह स्पष्ट करे कि बच्चा किस लोकेशन से और किन हालातों में मिला, संदिग्ध व्यक्ति कौन था, पुलकित को कहां से उठाया गया और उसका मकसद क्या था। मामले की गहनता से जांच की जाए।