भारतीय युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार के अवसर बढ़ाने का आईएलओ के साथ समझौता

Spread the love

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया आईएलओ के बीच स्विट्जरलैंड के जिनेवा में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इस एमओयू पर भारत के राजदूत अरिंदम बागची और आईएलओ के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. हौंगबो ने हस्ताक्षर किये। यह समझौता ज्ञापन युवाओं को वैश्विक रोजगार के अवसरों का लाभ प्राप्त करने में मदद करेगा।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. मांडविया ने कहा कि यह समझौता अंतरराष्ट्रीय संदर्भ वर्गीकरण डेटा की तुलना को बढ़ावा देगा और कौशल की आपसी पहचान को बढ़ावा देगा। डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि देश श्रम बाजार दक्षता और श्रमिकों के कल्याण को बढ़ाने के लिए डिजिटल नवाचार का लाभ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार सचिव वंदना गुरनानी ने कहा कि यह एमओयू हरित, डिजिटल एवं स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यवहार्यता अध्ययन एवं प्रायोगिक अभ्यास के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह समझौता ज्ञापन भविष्य में व्यापक सहयोग के लिए अवसर प्रदान करता है जिससे वैश्विक कार्यबल को लाभ मिलेगा।

अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के महानिदेशक ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन का विश्व के देशों पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने श्रम गतिशीलता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में भारत के अच्छे कार्यों पर प्रकाश डाला।