23 साल बड़ी गर्लफ्रेंड का मर्डर:फरीदाबाद में पैर से गला दबाकर नाले में फेंका, बोला-मैं शादीशुदा, ब्लैकमेल कर रही थी; स्ट्रीट डॉग ने शव ढूंढा था

Spread the love

फरीदाबाद में 45 वर्षीय अनीता का शव मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि उसकी हत्या उससे 23 साल छोटे बॉयफ्रेंड ब्रहमजीत (22) ने गला घोंटकर की थी। युवक ने पहले जमीन पर पटका, फिर पैर से गला दबाया और गंदे नाले में फेंक दिया। दोनों की मुलाकात डेढ़ साल पहले हुई थी, जिसके बाद वो रिलेशन में आए। एक साल पहले जब युवक की शादी हो गई तो उसने महिला से दूरी बना ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके बाद से अनीता उसे ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके चलते उसने महिला का मर्डर कर दिया। महिला के लापता होने के 6 दिन बाद दो लावारिस कुत्तों ने उसके शव को ढूंढ निकाला था। खास बात यह थी कि ये वही कुत्ते थे, जिन्हें महिला रोजाना अपने हाथों से रोटी खिलाती थी। महिला के लापता होने के बाद से ही दोनों मायूस दिखाई दे रहे थे। अब मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसपर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 22 साल के युवक से प्रेम प्रंसग फरीदाबाद के गांव कबूलपुर की रहने वाली अनीता देवी (45) की मुलाकात गांव के रहने वाले ब्रहमजीत (22) से करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। जिसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई और दोनों रिलेशन में आ गए। लेकिन जनवरी 2025 में ब्रहमजीत की शादी हो गई। जिसके बाद ब्रहमजीत ने अनीता से मिलना बंद कर दिया। दोनों के बीच मिलने को लेकर अक्सर कॉल पर विवाद होने लगा। मुलाकात के लिए ब्लैकमेल किया पुलिस ने बताया कि महिला अनीता, ब्रहमजीत पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगी। लेकिन जब ब्रहमजीत ने मिलने से मना कर दिया तो अनीता ने उसके परिवार को सब-कुछ बताने की बात कहकर लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला की ब्लैकमेलिंग से युवक परेशान रहने लगा था। 15 अप्रैल को महिला हुई लापता पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल को वह अनीता को अपनी बाइक पर बैठाकर बिजली का बिल भरने के लिए बिजली ऑफिस ले गया। जिसके बाद वह महिला को गांव कबूलपुर से कुछ दूर गांव मोहला के जंगल में ले गया। जहां पर एक गंदे नाले पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। जमीन पर पटका, पैर से गला दबाया गांव मोहला के जंगल में गंदे नाले पर दोनों के बीच में जमकर कहासुनी हुई। जहां पर ब्रहमजीत ने पहले अनीता को जमीन पर पटक कर मारा और उसकी गर्दन पर पैर रख कर दबा दिया। जिसके बाद उसको गंदे नाले में डाल दिया। पहचान छिपाने के लिए कपड़े उतारे जब ब्रहमजीत ने देखा कि अनीता का शरीर नाले में नहीं डुबा है तो उसने उसको बाहर निकाला और पहचान छुपाने के लिए उसके कपडे़ उतारकर अपने साथ ले गया। इसके बाद लाश को छुपाने की नीयत से वापस नाले में डाल दिया। पिता की मदद से हुआ फरार आरोपी ने घर जाकर अपने पिता जगविंद्र (49) को पूरी बात बताई। जिसके बाद उसका पिता बाइक पर बैठाकर उसे पलवल में एक रिश्तेदार के घर छोड़ आया। पुलिस ने आरोपी के पिता को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। अभी आरोपी पिता 2 दिन के पुलिस रिमांड पर है। आवारा कुत्तों ने खोजा था शव महिला गांव कबूलपुर में पिछले काफी समय से अकेली रह रही थी। उसका बेटा और बहू चेन्नई रहता है और पति काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। महिला के घर के बाहर दो कुत्ते अक्सर रोटी खाने आते थे। जब महिला गायब हुई तो जंगल में इन्ही रॉकी और शेरू नाम के दो कुत्तों ने उसकी लाश को नाले में खोज लिया। एसीपी क्राइम वरूण दहिया ने बताया कि आरोपी को 21 अप्रैल को शाम में गिरफ्तार किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।