वृंदावन नाव हादसे में 15 की मौत, एक लापता:20 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा,कल 2 लाशें मिली थी

Spread the love

वृंदावन में हुए नाव हादसे को लेकर मंगलवार को पांचवें दिन भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक श्रद्धालु पंकज मल्होत्रा (40) अब भी लापता हैं। पंकज हिमाचल प्रदेश में स्टील कंपनी में मैनेजर थे। सेना, NDRF-SDRF समेत करीब 20 से अधिक लोगों की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी है। 20 किमी दायरे में लापता श्रद्धालु की तलाश कर रही है। इससे पहले सोमवार को सुबह 8 बजे यमुना नदी में 2 लाशें मिलीं। हादसे वाली जगह से 12 किलोमीटर दूर बंगाली घाट से एक महिला और देवरा बाबा आश्रम के पास से एक युवक की लाश मिली। प्रशासन के मुताबिक, शव फूलकर नदी के ऊपर आ गए थे। परिजनों ने दोनों की पहचान की। महिला की पहचान दुगरी, लुधियाना की रहने वाली मोनिका टंडन के रूप में हुई। वह अपनी सास सविता के साथ आई थी। 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। पति विदेश में हैं। मोनिका भी जल्द ही विदेश जाने वाली थी। हादसे के दिन मोनिका नाव में पड़ोसी महिला डिंकी के साथ बैठी थी। डिंकी लाश 12 अप्रैल को मिली थी। वहीं, युवक की पहचान लुधियाना के रहने वाले यश भल्ला (22) के रूप में हुई है। यश पहली बार वृंदावन आए थे। बांके बिहारी ग्रुप के साथ जुड़े थे। धार्मिक संकीर्तन में ढोलक बजाते थे। नाव डूबने से पहले का जो वीडियो सामने आया था, उसमें यश ढोलक बजाते दिखाई दे रहे थे। यश के बड़े भाई अकाउंटेंट है। मां सुनीता हाउस वाइफ हैं। पिता रेहड़ी-फड्डी लगाकर कपड़े बेचते है। वहीं एसडीएम मांट ऋतु सिरोही सोमवार को लंबी छुट्‌टी पर चली गईं। उनकी जगह दीपिका मेहर को नया SDM बनाया गया है। हादसे के बाद प्रशासनिक लापरवाही को लेकर ऋतु सिरोही पर कई सवाल उठ रहे थे। हालांकि, जिलाधिकारी का कहना है कि ऋतु सिरोही निजी कारणों से छुट्टी पर गई हैं। इसका हादसे से कोई लेना-देना नहीं।