कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में बाइक पर जा रहे बाप-बेटे को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेटे के सिर पर लगा हेलमेट निकल गया और सिर में चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। हादसे में युवक का पिता भी जख्मी हो गया, जबकि एक्सीडेंट करने वाली बाइक पर सवार लोगों को चोटें आईं। मृतक युवक की पहचान 18 साल के अंकुश निवासी मोहनपुर गांव के रूप में हुई। अंकुश के पिता की गांव में ही करियाने की दुकान है। अंकुश 10वीं क्लास करने के बाद अपने पिता के साथ दुकान पर बैठता था। पुलिस ने दोनों बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अंकुश का बड़ा भाई वंश है। माथा टेकने जा रहे थे दोनों पुलिस के मुताबिक, दुकानदार रमेश कुमार अपने छोटे बेटे अकुंश कुमार के साथ बाइक (HR 78 F 9798) पर शाहाबाद मारकंडा मंदिर माथा टेकने जा रहे थे। बाइक उनका बेटा अंकुश चला रहा था और उसने हेलमेट पहन रखा था। अंकुश ठीक स्पीड से बाइक चला रहा था। सामने से मारी टक्कर दोनों दयाल नगर के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक दूसरी बाइक (HR 78 C 9059) ने तेज रफ्तार से सीधी टक्कर उनकी बाइक में मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार लोग सड़क पर गिर गए। टक्कर लगने से अकुंश का हेलमेट उतर गया और उसका सिर सीधे सड़क से टकरा गया। चारों को पहुंचाया अस्पताल चोट की वजह से अंकुश बेहोश हो गया और सिर से खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। चारों घायलों को एंबुलेंस से CHC शाहाबाद ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने अकुंश को मृत घोषित कर दिया। पिता रमेश कुमार समेत अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दर्ज किया केस पुलिस ने दोनों बाइक को अपने कब्जे में लिया है और रमेश कुमार के बयान पर बाइक नंबर के आधार पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुरुक्षेत्र में युवक की एक्सीडेंट में मौत, पिता जख्मी:दूसरी बाइक ने मारी टक्कर, हेलमेट उतरने से सिर में लगी चोट, मंदिर जाना था
