फरीदाबाद में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:ड्यूटी से लौट रहा, एक्सीडेंट से पहले किया पत्नी को फोन, बोला-15 मिनट में पहुंच जाउंगा

Spread the love

फरीदाबाद के सेक्टर-25 क्षेत्र में एक 35 वर्षीय युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब युवक अपनी कंपनी से नाइट ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सचिन (35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब पांच वर्षों से फरीदाबाद के सेक्टर-25 स्थित कृष्ण नगर में किराए पर रह रहा था। सचिन नाइट शिफ्ट के बाद रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सरूरपुर स्थित अपनी कंपनी से बाइक द्वारा घर के लिए निकला था। अनजान व्यक्ति ने पत्नी को दी हादसे की जानकारी जब सचिन सेक्टर-25 के कट पर अटल पार्क के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उसे साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सचिन बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के पिछले टायर के नीचे उसका सिर आ गया। हेलमेट पहनने के बावजूद सिर कुचल जाने से सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी खुशबू ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनकी सचिन से फोन पर बात हुई थी। उस समय सचिन ने कहा था कि वह कंपनी से निकल चुका है और करीब 15-20 मिनट में घर पहुंच जाएगा। कुछ देर बाद एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि सचिन का एक्सीडेंट हो गया है और उसे चोट लगी है। बच्चे को लेकर मौके पर पहुंची पत्नी इसके बाद दोबारा फोन आया कि उसकी हालत बेहद गंभीर है। यह सुनते ही खुशबू अपने डेढ़ साल के बच्चे को लेकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां पहुंचने पर उन्हें अपने पति की मौत की जानकारी मिली। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पीआरबी डायल-112 की टीम द्वारा दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक ड्राइवर की तलाश कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेने की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।