पानीपत के बापौली थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी नवाब में एक 27 वर्षीय युवक की उसके ही खेत में रोटावेटर से कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआत में यह मामला एक हादसा लग रहा था, लेकिन परिजनों ने पुराने जमीनी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मोहित (27) सुबह करीब 10:30 बजे अपना ट्रैक्टर लेकर खेत में काम करने गया था। जब वह दोपहर तक घर वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजन उसे ढूंढते हुए खेतों में पहुंचे। वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। मोहित का शव रोटावेटर की चपेट में आने के कारण क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वास्तव में एक दुर्घटना है या किसी साजिश का हिस्सा। हादसा या सोची-समझी हत्या? मृतक मोहित के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों के साथ उनका काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या करने के बाद उसे ‘हादसा’ दिखाने के लिए रोटावेटर से कुचला गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अविवाहित था मृतक परिजनों ने बताया कि मोहित अभी अविवाहित था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पानीपत में रोटावेटर से कुचल युवक की मौत:खेत में पड़ा मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, 3 पर केस दर्ज
