पत्नी और 4 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या:पलवल में 3 महीने के बेटे को लेकर भागा; परिवार बोला- स्कॉर्पियो मांग रहा था

Spread the love

हरियाणा के पलवल में एक पति ने अपनी पत्नी और 4 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद 3 महीने के बेटे को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही महिला के मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मां-बेटी के शव घर के आंगन में पड़े मिले। दोनों के कान और नाक से खून निकल रहा था। परिवारवालों ने आरोप लगाया कि वह नवजात बच्चे को लेकर कहीं भाग गया है। वह उसकी भी हत्या कर सकता है। ससुरालवाले बेटी को स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपए के लिए परेशान कर रहे थे। चांदहट थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जानिए मृतका के भाई ने शिकायत में क्या बताया… 2020 में हुई थी शादी उत्तर प्रदेश के कामरगढ़ी निवासी नरवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेरी बहन मितलेश की शादी साल 2020 में पलवल में किठवाड़ी गांव के धर्मवीर से हुई थी। शादी के बाद से ही पति धर्मवीर, देवर कर्मवीर, सास प्रेमवती, ससुर दयाचंद, ननद रेखा और अनीता दहेज में जमीन, स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। दहेज न देने पर मितलेश को कई बार प्रताड़ित किया गया और मारपीट भी की गई। मां और भाई से भी मारपीट की भाई के अनुसार, हाल ही में मितलेश ने एक बेटे को जन्म दिया था। 2 अप्रैल को जब मितलेश जिला अस्पताल में भर्ती थी, तब भी आरोपियों ने दहेज की मांग को लेकर नरवीर की मां राजवती और मोहन के साथ मारपीट की थी। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। दोनों के शव घर पर पड़े थे नरवीर ने बताया कि 25 अप्रैल की देर शाम को मित्रोल निवासी पवन उर्फ केदारू ने फोन कर बहन मितलेश और भांजी मुकली की मौत की सूचना दी। जब परिजन किठवाड़ी पहुंचे, तो दोनों के शव घर में पड़े मिले। दोनों के शरीर पर चोटों के निशान थे और नाक-कान से खून बह रहा था। मितलेश का तीन माह का बेटा गायब था, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। धर्मवीर उसे अपने साथ ले गया है, या उसकी भी हत्या कर दी होगी। थाना प्रभारी बोले- बच्चे की तलाश कर रहे चांदहट थाना प्रभारी हरिकृष्ण ने बताया कि पुलिस को शाम को मां-बेटी की हत्या की सूचना मिली थी। महिला के भाई की शिकायत पर पति, देवर, दो ननदें और सास-ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में 3 महीने के बेटे के लापता होने का भी आरोप लगाया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।