यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के मुस्तफाबाद इलाके में गांव सियालवा के पास सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में घायल बदमाश सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। आरोपी के पास से पिस्टल बरामद की गई है। मामले में मंगलवार को डीएसपी आशीष चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी और कई खुलासे किए। डीएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व सूचना, तकनीकी निगरानी और सटीक रणनीति के तहत की गई थी। पकड़ा गया आरोपी अरुण निवासी मोहल्ला खेड़ा, जगाधरी है, जिसके खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। आरोपी ने पूर्व में अपनी मां पर भी फायरिंग की थी और इसी केस में वह 23 दिसंबर 2025 को जमानत पर जेल से बाहर आया था। जमानत पर बाहर आने के बाद से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में था आरोपी पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर नाेनी राणा के संपर्क में था, जो लालच देकर युवकों को अपराध के लिए इस्तेमाल करते हैं। आरोपी उन्हीं के कहने पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। इसी इनपुट के आधार पर उसे तकनीकी तौर पर सर्विलांस पर रखा गया था। डीएसपी के अनुसार, सोमवार शाम सूचना मिली कि आरोपी थाना छप्पर क्षेत्र में देखा गया है और किसी का इंतजार कर रहा है। इस पर सीआईए-2 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को पहले से शक था कि आरोपी के पास हथियार है। जब टीम ने उसे सरेंडर करने को कहा, तो आरोपी ने दो राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली एसआई रोहन को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण वह सुरक्षित रहे। जवाबी फायर नहीं, घेराबंदी से काबू डीएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने जवाबी फायरिंग नहीं की और लगातार आरोपी से सरेंडर करने को कहती रही। इसी बीच आरोपी अपना हथियार रीलोड नहीं कर पाया। घिरता देख वह भागने के प्रयास में अंडरपास की दीवार से कूद गया, जहां गिरने से उसकी टांग में फ्रैक्चर हो गया। घायल आरोपी को तत्काल सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है। डीएसपी ने कहा कि जैसे ही आरोपी की हालत में सुधार होगा, उससे गहन पूछताछ कर उसके नेटवर्क, हथियार सप्लाई और प्रस्तावित वारदात से जुड़े सभी पहलुओं पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से बचकर भागा बदमाश, दीवार से कूदने पर फैक्चर:यमुनानगर में डीएसपी बोले-पुलिस ने नहीं चलाई गोली, अपनी मां पर की थी फायरिंग
