VIDEO- गाय चराने से रोका, दबंगों ने गोली चलाई…5 घायल:मुरैना में 12 लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे; बुजुर्ग हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा

Spread the love

मुरैना के जौरा विकासखंड के राजाराम का पुरा गांव में दलित परिवार के साथ दबंगों ने मारपीट करते हुए फायरिंग की। पीड़ित परिवार ने खेत में गाय चराने और बाजरे की करब उठाने से मना किया था। आरोप है कि इससे गुस्साए गांव के दबंगों ने दलित परिवार के घर पहुंचकर पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की, फिर लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में परिवार के पांच लोग घायल हैं, जिन्हें जौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने में देरी का भी आरोप लगाया है। घटना नए साल के पहले दिन यानी गुरुवार दोपहर 3 बजे की है। वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया है। पीड़ित महाराज जाटव के अनुसार गांव के दबंग बनवारी गुर्जर और उसके साथियों की गायें उनके खेत में चर रही थीं। परिवार ने इसका विरोध किया तो उन्होने बाजरे की करब भी उठा ली। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दबंगों ने बदला लेने की धमकी दी। 4 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम…

8-10 राउंड फायरिंग की, लाठी-डंडों से पीटा
आरोप है कि बनवारी गुर्जर अपने 10-12 साथियों के साथ दलित परिवार के घर पहुंचा। पहले 8 से 10 राउंड फायरिंग की, इसके बाद लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया गया। वीडियो में भी युवक हाथ में लाठी-डंडे लिए दिख रहे है। मारपीट में रमेश जाटव, महाराज जाटव, बहादुर जाटव, महादेवी जाटव और सिमला जाटव घायल हुए हैं। विवाद के दौरान परिवार के एक बुजुर्ग ने दबंगों के सामने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने मारपीट बंद नहीं की। पुलिस पर एफआईआर में देरी करने का आरोप
घटना के बाद घायल परिजन जौरा थाना पहुंचे। आरोप है कि उनकी शिकायत तुरंत दर्ज नहीं की गई। देर रात एफआईआर दर्ज की गई। मामले में बनवारी गुर्जर, विश्राम गुर्जर, दामोदर गुर्जर, बंटी गुर्जर और वीरा गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जौरा एसडीओपी नितिन बघेल ने बताया कि विवाद गाय और चारे को लेकर हुआ था। जांच में सामने आया है कि पहले गुर्जर परिवार के एक युवक के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।