मुखवा में शीतकालीन गद्दी पर विराजमान हुईं मां गंगा

Spread the love

बुधधार काे रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार काे 1 बजे मां गंगा की डोली चंडी देवी मंदिर से अन्नपूर्णा देवी मंदिर के लिए प्रस्थान हुई। माँ गंगा की डोली करीब पौने तीन बजे शीतकालीन प्रवास गद्दी स्थल मुखवा (मुखीमठ) पहुंची। मुखवा गांव में ग्रामीणाें ने एक ससुराल से आने वाली बेटी की तरह स्वागत किया। पूरे गांव में आज त्योहार मनाया गया और मां गंगा के उत्सव डोली के स्वागत के धूप, फूल और मालाओं से किया।

इस दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि अब मां गंगाजी की विग्रह मूर्ति अपनी शीतकालीन प्रवास मुखवा पहुंच कर विराजमान हो गई है। उन्होंने कहा कि यहां शीतकालीन प्रवास मुखवा में मां गंगाजी के दर्शन करने से गंगोत्री धाम के बराबर पुण्य मिलता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा आकर दर्शन करने का आमंत्रण दिया है। अब अगले छह महीने यानी अक्षय तृतीया तक गंगाजी के दर्शन मुखवा और यमुनाजी के दर्शन खरशाली में होंगे।