झांसी में शनिवार को हथियार बेचने आए तांत्रिक समेत 3 तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी एक युवक को ऑटोमैटिक हथियारों की सप्लाई देने पहुंचे थे। वे सीपरी बाजार स्थित एसआईसी स्कूल के सामने मैदान में एजेंट का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में बॉबी चौहान उर्फ दयानंद महाराज (26) और विवेक चौहान (21) सगे भाई हैं। दोनों करीब 3 साल से मुकेश श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रह रहे थे। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, रिवॉल्वर समेत 7 ऑटोमैटिक और सेमी ऑटोमैटिक हथियार, 122 कारतूस, 5 रामपुरी चाकू, 2.87 लाख रुपए नकद, सोने की 5 अंगूठियां, चांदी के सिक्के और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दयानंद महाराज खुद को तांत्रिक बताता था। इंस्टाग्राम पर उसका एक पेज भी है, जहां उसके हजारों फॉलोअर्स हैं। वह अपने अकाउंट पर तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो पोस्ट करता था। साथ ही तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत, मसान और शैतान से मुक्ति दिलाने जैसे दावे भी करता था। तांत्रिक के 4 वीडियो आया सामने खुद नहीं आया, भेजा गया है
एक वीडियो में तांत्रिक चाकू से नीबू काट रहा है और सामने बैठी युवती माथा पकड़कर झूम रही है। तांत्रिक युवती का हाथ पकड़कर कहता है- क्यों परेशान कर रहे हो? रोते हुए युवती कहती है- मैं खुद नहीं आया, मुझे भेजा गया है। युवक की ओर हाथ से इशारा करते हुए कहती है कि इनके रिश्तेदार ने भेजा है। तांत्रिक पूछता है- रिश्तेदार का नाम क्या है? युवती बोलती है- मोहित। तांत्रिक कहता है- इसके शरीर से क्यों नहीं जा रहा है? युवती बोलती है- मुझे बांधकर भेजा गया है। फिर तांत्रिक नीबू को युवती के सिर पर घुमाते हुए मिट्टी के बर्तन में रख देता है। साथ ही पास बैठे युवक को ताबीज देता है। इस हथियार को सिद्ध किया हूं
दूसरा वीडियो में तांत्रिक अपने सामने इंसानों की तरह दिखने वाली खोपड़ी रखे हैं और आंखों में रूमाल बांधे हुए हैं। अगल-बगल में दीए जल रहे हैं। कहता है- ये कच्चा कलुआ मसान है, इसे मैंने सिद्ध किया है। आज इसकी शक्ति दिखाएंगे कि इसकी आंखों में कितना तेज है। फिर एक शीशे को खोपड़ी के सामने रख देता है और रूमाल हटाते ही शीशा टूट जाता है। तीसरे में तांत्रिक दावा करता है कि वह मंत्रों से दीया जला देता है। वह कपूर को एक आरती में रखता है और मंत्र पढ़ने लगता है। कुछ देर बाद कपूर जलने लगता है। फिर आरती करता है। चौथे में तांत्रिक हाथ में काले रंग का छोटा पुतला लेकर कहता है कि ये डेढ़ फुटिया है और इसे मैंने सिद्ध किया है। इसे सिद्ध करने में 40 दिन लगे है। जमीन पर पुतले को रख देता है और फिर कहता है कि आगे गिर तो पुतला गिर जाता है। ऐसे ही वह डिब्बे में बंद करके आगे और बगल में गिरने के लिए कहता है तो पुतला गिर जाता है।
गोली चलाकर चेक कराते थे असलहा
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- ऑटोमेटिक और सेमी ऑटोमेटिक हथियारों की डिलीवरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का काम कर रहे थे। हथियारों की सप्लाई से पहले वे मौके पर फायर करके असलहा चेक भी कराते थे। करीब तीन साल से दोनों भाई बॉबी चौहान उर्फ दयानंद महाराज (26) और विवेक चौहान (21) बाजार में हथियार सप्लाई करने का काम कर रहे थे। शनिवार को दोनों भाई अपने मकान मालिक के साथ हथियारों की डिलीवरी देने सीपरी बाजार स्थित एसआईसी स्कूल पहुंचे थे। सीपरी बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति असलहा खरीदने के लिए पेड़ के नीचे आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हथियार कहां से लाते थे और किन लोगों को सप्लाई करते थे। ——————————————— ये खबर भी पढ़िए… ‘डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट किया, आकर मिलो’:लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ने छात्रा को फोन कर दबाव बनाया; हिरासत में
लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर परमजीत सिंह ने बीएससी फाइनल इयर की एक स्टूडेंट को फोन किया और छुट्टी से वापस आने का दबाव बनाया। प्रोफेसर ने कहा- ‘डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है। एग्जाम से पहले घर से आ जाओ। यहां पेपर तुम्हें दे देते हैं।’ पूरी खबर पढ़िए…
झांसी में हथियार बेचने आए तांत्रिक समेत 3 तस्कर गिरफ्तार:गोली चलाकर चेक कराते थे, भूत-प्रेत भगाने का भी दावा करता था
