10 मीटर तक नाक रगड़ते हुए चले चोर,VIDEO:यमुनानगर में मंदिर से ₹50 हजार चुराए, बोले- गलती हो गई, आज के बाद नहीं करेंगे

Spread the love

हरियाणा के यमुनानगर में गोगामेड़ी मंदिर में चोरी करने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई। ग्रामीणों ने युवकों से जमीन पर नाक रगड़ते हुए माफी मंगवाई। युवकों ने हाथ जोड़कर कहा- हमसे गलती हो गई, आज के बाद ऐसा नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने पुलिस को शिकायत देने के बजाय, उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। दोनों युवकों ने मेड़ी में रखी गुल्लकों को तोड़कर करीब 50 हजार रुपए की चोरी की थी। यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। अब जानिए युवक कैसे पकड़े गए… 18 मई को पहली बार चोरी हुई अहड़वाला गांव के सुरेंद्र ने बताया कि पहली चोरी सोमवार (18 मई) दोपहर को हुई थी। उस समय मंदिर में कोई नहीं था। आरोपी अंदर घुसे और गुल्लक तोड़कर उसमें रखी नकदी चुराकर फरार हो गए। शाम को जब श्रद्धालु मेड़ी में पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और जांच शुरू की गई। जब सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो वे बंद मिले। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में चोरों की पहचान करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। अगले दिन दोबारा चोरी करने आए सुरेंद्र ने आगे बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी वारदात रोकने के लिए मेड़ी में लगे कैमरों को ठीक करवाया। चूंकि मेड़ी में रात के समय कोई नहीं रुकता, इसलिए आरोपियों ने दोबारा वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। मंगलवार रात करीब दो बजे दोनों युवक मेड़ी की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और फिर से दोनों गुल्लकों को तोड़कर चोरी कर ली। आरोपी करीब आधे घंटे तक मेड़ी के अंदर रहे। CCTV में आरोपी चोरी करते दिखे इस बार मेड़ी में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे और पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। बुधवार सुबह जब श्रद्धालु मेड़ी में पहुंचे तो उन्होंने गुल्लक फिर से टूटी हुई पाई। इसके बाद ग्रामीण दोबारा मौके पर एकत्रित हुए और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक गुल्लक तोड़ते और नकदी निकालते साफ दिखाई दे रहे थे। मिलक खास और अराइयांवाला गांव के युवक वीडियो के आधार पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पहचान पास के गांव मिलक खास और अराइयांवाला निवासी के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर गोगा मेड़ी में लाया, जहां दोनों युवकों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में कभी चोरी न करने का वादा किया। 10 मीटर नाक रगड़ते हुए गए युवकों का माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे मंदिर परिसर में जमीन पर लेटकर नाक रगड़ते हुए आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने करीब 10 मीटर तक नाक रगड़ते हुए गोगा महाराज की मूर्ति तक पहुंचकर माफी मांगी। इस दौरान वे लगातार हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते रहे।