हरियाणा में मौसम सामान्य से ठंडा, अब 4-6°C बढ़ेगा तापमान:फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, तेज हवाएं चलने के आसार; रोहतक सबसे गर्म

Spread the love

हरियाणा में मौसम फिलहाल सामान्य से ठंडा बना हुआ है, हालांकि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के औसत अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.8 डिग्री कम बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले तीन दिनों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है, लेकिन हवाओं के कारण कुछ राहत भी मिल सकती है। 4 से 6 डिग्री बढ़ेगा तापमान विभाग के अनुसार अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते आने वाले दिनों में गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा। फिलहाल किसानों और आम लोगों को मौसम के इस बदलाव के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। शुष्क बना रहेगा मौसम मौसम की वर्तमान स्थिति के पीछे उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का प्रभाव बना हुआ है, जो उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 110 नॉट की गति से सक्रिय है। इसके अलावा, 15 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर हरियाणा पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में किसी भी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है और अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा।