जींद : लोस में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पूरी जानकारी नही दे पाई सरकार : जेपी

Spread the love

पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिसार के कांग्रेसी सांसद जयप्रकाश शुक्रवार को जींद में कांग्रेस नेता गंगा सिंह लाठर के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भारत की दुनिया में सबसे मजबूत विदेश नीति का बेड़ा गर्क कर दिया है। आज भारत के साथ कोई भी देश उसके समर्थन में खड़ा नही हुआ। जबकि जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधीए राजीव गांधी के समय भारत के साथ दुनिया खड़ी होती थी। इंदिरा गांधी ने तो 1971 की लड़ाई में अमेरिका को उसकी औकात बता दी थी और पाकिस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया था। आज भारत की स्थिति यह हो गई है कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम करवाने की घोषणा करते हैं। लोकसभा में खुद सरकार ने कहा कि भारतीय सेना के डीजीएमओ को पाकिस्तान के अपने समकक्ष को यह बता दिया था कि भारत कहां-कहां स्ट्राइक करेगा। यह मजाक से ज्यादा कुछ नहीं है। लोकसभा में सरकार द्वारा पेश किए गए उस बिल की सांसद जयप्रकाश ने कड़ी आलोचना की। जिसमें यह प्रावधान किया गया है कि कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री 30 दिन तक जेल में रहता है तो उसकी कुर्सी चली जाएगी। यह बिल संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। सरकार केवल उप राष्ट्रपति चुनाव में दो मुख्यमंत्रियों को डराने के लिए यह बिल लेकर आई है। सरकार को डर है कि उप राष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की जीत होगी।