सिरसा में क्लासरूप में छात्र का सिर फोड़ा:परिज बोले-लोहे के स्टूल से हमला किया, फुटेज चेक करे पुलिस, SP को दी शिकायत

Spread the love

सिरसा में एक निजी स्कूल के क्लासरूम में ही छात्रों के बीच लड़ाई-झगड़ा हो गया और एक छात्र का सिर फोड़ दिया। छात्र की पहचान अमरीक सिंह के रूप में हुई है और आरोप है कि छात्र को लोहे के स्टूल से पीटा गया है, जिससे उसके सिर व हाथों पर गंभीर चोटें आई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रानियां के सेंट सोल्जर स्कूल की है और 31 दिसंबर को हुई। सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर क्लास में छात्रों को झगड़ा हुआ। इसकी शिकायत परिजनों ने एसपी को दी है, जिसके बाद रानियां थाना पुलिस ने संज्ञान ले लिया है। इस घटना में घायल छात्र अमरीक सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमरीक सिंह के पिता के अनुसार, स्कूल की मैडम ने उन्हें फोन कर बेटे के घायल होने की सूचना दी। छात्र के परिजनों और पुलिस के अनुसार, यह घटना स्कूल के क्लासरूम में हुई है। पुलिस ने घायल बच्चे के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि ये बच्चा ट्यूशन पर गया हुआ था और बाहर ही झगड़ा हुआ है। छात्र के परिजनों की मांग है कि पुलिस स्कूल के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जांच करे। उन्हें शक है कि कहीं प्रबंधन उसे फुटेज डीलीट न कर दे। पिता बोले, बेटे को परेशान करते थे चारों छात्र घायल छात्र अमरीक के पिता गांव नगराना निवासी दलबीर से बातचीत की उन्होंने बताया कि उनके बेटे को क्लास के ही चार छात्रों ने लोहे के स्टूल से पीटा। अमरीक ने होश आने पर बताया कि जैसे ही वह क्लास में दाखिल हुआ, उन चार लड़कों ने उसके सिर और पेट पर स्टूल से वार करना शुरू कर दिया, जिससे उसकी पगड़ी गिर गई और वह बेहोश हो गया। घायल छात्र के पिता ने यह भी बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से परेशान था। अमरीक ने उन्हें बताया था कि ये चारों छात्र उसे आए दिन मानसिक रूप से परेशान करते थे और धमकियां देते थे। पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि अमरीक के सिर और टांगों पर टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों ने सिर के एक हिस्से में सूजन भी बताई है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद बच्चे को दौरे भी पड़े हैं और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। अमरीक सिंह के पिता ने बताया कि उन्होंने इस मामले में एसपी सिरसा से मिलने का प्रयास किया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है। छात्र के पिता बोले, मैडम का आया था फोन छात्र के पिता दलबीर बोले, 31 तारीख सुबह मेरी पत्नी के पास स्कूल के मैडम का फोन आया था और बताया कि आपके बेटे को चोट लगी है और आप स्कूल में आ जाइए। क्लास के ही 4 स्टूडेंट हैं, जिन्होंने मेरे बेटे को क्लास के अन्दर ही पीटा है। वहीं बेटे को होश आने के बाद उसने ये भी बताया है कि जब मैं क्लास के अंदर एंट्री करते ही एकदम से उन 4 लड़कों ने लोहे के स्टूल के साथ मेरे सिर पर और मेरे पेट के ऊपर वार करना शुरू कर दिया जिससे मेरी पगड़ी भी गिर गई और मैं बेहोश हो गया। प्रिंसिपल बोले, ये मैटर स्कूल का नहीं वहीं, इस मामले में जब स्कूल के प्रिंसिपल विक्रमजीत सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि ये मैटर मेरे स्कूल का नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि बच्चा आपके स्कूल में पढ़ता है। उन्होंने स्वीकार किया कि हां बच्चा मेरे स्कूल में पढ़ता जरूर है पर 31 दिसंबर को बच्चा स्कूल में नहीं पहुंचा। ये सारा मामला ट्यूशन पर हुआ है। जब उनसे ये पूछा गया कि आप इकतीस दिसंबर की सुबह 9:00 बजे से11 बजे तक कि सीसीटीवी फुटेज हमें प्रोवाइड करवाई जाए तो उन्होंने ये बोलकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि फिलहाल तो बच्चे का हालचाल जानने के लिए अस्पताल में जा रहे हैं। उसके बाद आपको उपलब्ध करवा दी जाएगी।