रेवाड़ी के धारूहेड़ा में पारिवारिक कलह रिश्तेदारी के विवाद में तब्दील हो गया। ससुरालपक्ष ने बहू के मायके पक्ष के करीब दो दर्जन लोगों पर घर में घुसकर लाठी डंडों और तेजधार हथियारों से हमला करने और घर में तोड़फोड़ कर अलमारी से गहने चुराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार की महिलाएं वीडियो में मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों पर भी सवाल उठा रही हैं। महिलाएं कह रही हैं कि परिवार पीट रहा था और आप खड़े देख रहे थे। पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना होता है, आप हमलावरों को रोका क्यों नहीं। वीडियो में पुलिसकर्मी भी परिवार को सफाई देते दिख रहे हैं। सास-ससुर की प्रताड़ना का आरोप
धारूहेड़ा के मोहल्ला आजाद नगर निवासी योगेश उर्फ सोनू ने धारूहेड़ा पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि 17 फरवरी 2023 को उसकी शादी गंगायचा अहीर निवासी युवती महिमा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद महिमा ने मेरे माता-पिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
18 नवंबर को हुआ था लिखित समझौता
योगेश ने बताया कि जब महिमा की हरकतें बर्दाश्त से बाहर हो गई तो उसके परिवार को बुलाया। दोनों पक्षों के बीच 18 नवंबर को धारूहेड़ा थाना में लिखित समझौता हुआ। इसके बाद महिमा में बदलाव देखने को मिला और वह हमारे साथ हमारे घर रह रही थी। अचानक पहुंचे 20-25 लोगों ने किया हमला
योगेश ने बताया कि बीती रात महिमा ने अपने घर फोन किया। जिसके बाद उसके मायके से 20-25 लोग आए और मेरे व मेरे परिवार पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घर में तोडफ़ोड़ कर अलमारी गहने भी उठा लिए। जिन्हें सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनकी कार से बरामद किया। हमले में मेरे माता-पिता, चाचा, बुआ-फूफा, भाई और अन्य घायल हो गए। आरोपियों ने उसे अगले 15 दिन में जान से मारने की धमकी भी दी।
रेवाड़ी में पारिवारिक विवाद में चले लाठी-डंडे, VIDEO:बहू ने मायके से बुलाए 25 व्यक्ति; मारपीट, तोड़फोड़ कर जेवर निकाले; पुलिस तमाशबीन बनी
