पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान और रेखा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love

इस अवसर पर भाजपा सांसद रामवीर सिंह विधूड़ी, बांसुरी स्वराज तथा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) अध्यक्ष रोहन जेटली सपरिवार उपस्थित रहे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि विधि के क्षेत्र से लेकर संसद के सर्वोच्च मंच तक अरुण जेटली की अद्वितीय प्रतिभा, गहन विचारशीलता और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव अनुकरणीय रहेगा। उनकी प्रखर वाणी, स्पष्ट दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी दूरदर्शिता, सिद्धांत और विचारधारा सदैव हमें जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण के पथ पर मार्गदर्शित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले अरुण जेटली ने आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने संगठन से लेकर संसद तक अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे ऐतिहासिक सुधार को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरुण जेटली का सरल व्यक्तित्व, दूरदृष्टि और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण हम सभी को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।