‘गोली मारी, पत्थर से बांधकर शव कुएं में फेंका’:नूंह में बिना शादी 6 साल युवक संग रही; भाई बोला- खुद को बदमाश बताता है

Spread the love

बहन को कनपटी पर गोली मारी। फिर जंगल में बने कुएं में शव फेंक दिया। शव बड़े पत्थर से बांधा हुआ था, ताकि ऊपर न आए। जब बहन का शव निकाला तो उसका चेहरा ढका हुआ था। कनपटी पर बड़ा निशान था। नूंह के शकील ने अपनी 26 वर्षीय बहन हसीना की हत्या का आरोप रफीक पर लगाया है। 6 साल से हसीना बिना शादी किए रफीक के साथ रह रही थी। वह 19 अप्रैल को लापता हो गई थी। इसके बाद 28 अप्रैल को उसका शव बझेड़ा गांव के कुएं से बरामद हुआ। शकील का आरोप है कि रफीक ने ही गोली मारकर हसीना की हत्या की है और वह उन्हें भी जान से मारने की धमकी देता था। इस पूरी घटना के बाद से ही रफीक फरार है। नूंह सदर थाना पुलिस ने रफीक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हसीना के शव का आज नूंह CHC में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। 2011 में पहली शादी, 2 बच्चे हुए हसीना की पहली शादी साल 2011 में गांव देवला नंगली निवासी उमर मोहम्मद से हुई थी। इस शादी से एक बेटा और एक बेटी हुए। हसीना के बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि बेटी फिलहाल अपनी नानी के घर सिंगार में रह रही है। 2020 में रफीक के साथ रहने लगी हसीना के भाई शकील ने कहा कि साल 2020 में हसीना देवला नंगली निवासी रफीक के संपर्क में आई। इसके बाद उसने अपने पहले पति से तलाक ले लिया और रफीक के साथ ही रहने लगी। दोनों ने शादी नहीं की थी। परिवार ने भी हसीना से दूरी बना ली। इस दौरान ही हसीना के दो बेटियां और एक बेटा हुआ। रफीक गाड़ियों की लूट और एटीएम काटने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, जिनमें हसीना भी उसका साथ देती थी। रफीक ने खुद दी थी गुमशुदगी की शिकायत रफीक ने नूंह सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी पत्नी हसीना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। 19 अप्रैल को वह बिना बताए घर से चली गई। इसके बाद उसने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 24 अप्रैल को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। घर से 3 किलोमीटर दूर मिला शव शकील ने बताया कि बहन के लापता होने के बाद उन्होंने रफीक से बात की थी। आरोप है कि रफीक ने उन्हें धमकी देते हुए कहा था, “लाश ढूंढकर दिखा दो, मैं बड़ा बदमाश हूं।” उसने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद परिवार ने खुद तलाश कर शव को कुएं से बरामद किया। यह कुआं रफीक के घर से करीब 3 किलोमीटर दूर है। चौकी इंचार्ज बोले- आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रहे जयसिंहपुर चौकी इंचार्ज सूबे सिंह ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। हसीना के परिवार ने उसके पति रफीक पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल वह फरार है। उसके घर पर भी कोई नहीं मिला। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। अभी तक हसीना के परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।