गुरुग्राम में NH-48 पर वाहन ने स्कूटी सवार को कुचला:आगरा का रहने वाला, जिम से काम जा रहा था; इलाज के दौरान मौत

Spread the love

गुरुग्राम में एनएच-48 दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा सेक्टर-15 के झाड़सा फ्लाईओवर पर हुआ। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का रहने वाला था। मृतक के छोटे भाई अकरम ने बताया कि अमन पिछले 5 सालों से गुरुग्राम के दौलताबाद में वैलैस फिटनेस लोज जिम में काम करता था। वह जिम मालिक द्वारा उपलब्ध कमरे में रहता था। देर रात अमन अपने जिम मालिक की सफेद रंग की स्कूटी लेकर किसी काम से निकला था। जैसे ही वह झाड़सा फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद घायल अमन को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अकरम ने बताया कि पुलिस ने एक्सीडेंट होने की सूचना दी थी। जब परिवार सफदरजंग अस्पताल पहुंचा, तब तक अमन की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने वहां पहुंचकर शव की शिनाख्त की। 7 साल पहले पिता की मौत अकरम ने बताया कि उनके पिता मुनव्वर का देहांत वर्ष 2019 में ही हो गया था। घर में मां बेबी गृहिणी हैं और अमन चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह अविवाहित था और घर का मुख्य आर्थिक सहारा था। अमन की मौत के बाद अब परिवार के सामने भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिजनों की वेतन और न्याय की मांग अकरम ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में कहा कि जिस अज्ञात वाहन की लापरवाही से उसके भाई की जान गई है, उसे जल्द से जल्द तलाशा जाए। साथ ही अमन ने जिम मालिक के पास जो काम किया था, उसका बकाया वेतन (सैलरी) परिवार को दिलाया जाए। परिजनों का कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और कारण, इसकी भी निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। मामले की जांच में जुटी पुलिस थाना सिविल लाइंस पुलिस ने अकरम की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उस वाहन की पहचान की जा सके, जिसने अमन की स्कूटी को टक्कर मारी थी। फिलहाल, अमन का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, जो गमगीन माहौल में उसे अंतिम संस्कार के लिए आगरा ले गए हैं।